विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस के लिए चुनौती : अजयराय
प्रतापगढ़। सदर विधानसभा उपचुनाव के प्रभारी पूर्व विधायक अजय राय ने कहा है कि उपचुनाव कांग्रेस के लिए चुनौती है। उन्होंने कहा कि सदर सीट पर जीत हासिल करने के लिए अभी से संघर्ष प्रारंभ किया जाएगा। ब्लाक से तहसील तक प्रदर्शन भाजपा की असलियत से मतदाताओें को परिचित कराया जाएगा।
संसदीय कार्यालय पर सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर आए वाराणसी के पूर्व विधायक और कांग्रेसी नेता अजय राय ने कहा कि प्रतापगढ़ में अपराध चरम पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में जंगलराज कायम है। भाजपा नेता अफसरों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। कटरामेदनीगंज में ईओ के साथ गाली-गलौज करने वालों की कड़ी शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि भाजपा के नेता अफसरों से गलत काम करने के लिए दबाव बनाते हैं। इससे आए दिन यह घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि उपचुनाव के पहले ब्लाक और तहसीलों में धरना-प्रदर्शन कर जनता को गुमराह करने वाली भाजपा की पोल खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि बजट में डीजल और पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी लगाने से महंगाई बढ़ी है। इसके पूर्व उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके उपचुनाव के लिए ठोस प्रत्याशी उतारने पर विचार किया।
उन्होंने दावेदार प्रत्याशियों को भरोसा दिया है कि बाहर से कोई प्रत्याशी नहीं आएगा, बल्कि वास्तविक कार्यकर्ता को ही उपचुनाव में टिकट दिया जाएगा। इस मौके पर वंशराज, पूर्व महासचिव श्याम किशोर शुक्ल, नरसिंह प्रकाश मिश्र, कपिल द्विवेदी, डॉ. नीरज त्रिपाठी, डॉ. प्रशांत शुक्ल, जमुना प्रसाद पांडेय, बालगोविंद तिवारी, प्रेम शंकर द्विवेदी प्रमुख रुप से मौजूद रहे।