अमर उजाला के अभियान अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल के तहत मंगलवार को क्षेत्र के डोमीपुर भुआलपुर स्थित मॉडल प्राइमरी स्कूल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपने दांतों की जांच कराई। इस दौरान करीब 50 बच्चों में फ्लोराइड के चलते दांतों में पीलेपन की शिकायत मिली।
इस मौके पर डाक्टर अवंतिका पांडेय ने कहा कि दांत जीवन के लिए अनमोल हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा के साथ देखभाल जरूरी है। समय-समय पर लोगों को दांतों की जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि फ्लोराइडयुक्त पानी से दांतों में पीलेपन की समस्या के साथ ही स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ता है।
शुद्ध पानी के सेवन के साथ ही चिकित्सकों की सलाह से दवा का सेवन करना चाहिए। सुबह दस बजे डॉक्टर अवांतिका पांडेय विद्यालय पहुंचीं। विद्यालय की छात्राओं के दांतों की जांच करने के साथ ही इलाज किया। बच्चों को मुफ्त मंजन वितरित किया। इस दौरान सुयश मिश्रा, श्रद्धा सिंह, निशार्थ, फातिमा, अनुपम, अनामिका पांडेय आदि मौज्ूद रहीं। प्रधानाचार्या नीलम सिंह ने अमर उजाला की इस पहल की सराहना की।