। प्रयागराज के हंडिया के रहने वाले टेंपो चालक का शव सोमवार सुबह हाईवे के किनारे झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस की छानबीन में जेब से मिले मोबाइल से उसकी शिनाख्त हुई। परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर मानिकपुर थाना क्षेत्र के चौरही पाल ढाबे के करीब दुर्गंध उठने पर मिले शव की शिनाख्त पुलिस ने प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के बरौत निवासी 45 वर्षीय शिवचंद्र उर्फ राजन केसरवानी के रूप में हुई। सीओ अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि राजन कौशाम्बी जनपद में सिराथू के कारोबारी जीजा चिनी केसरवानी के गेस्ट हाउस में रहता था। वह किसी का टेंपो भी चलाया करता था।
14 जून को राजन सिराथू ओवरब्रिज पर टेंपो खड़ी कर गायब हो गया था। वह यहां कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा, यह कोई नहीं बता पा रहा है। भाई दीपचंद और जीजा चिनी उसे नशे का आदी बता रहे हैं। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य संकलित किए हैं। मोबाइल की काॅल डिटेल से उसकी मौत की वजह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
महिला से आखिरी बार हुई थी बात
मृतक टेंपो चालक की शादी नहीं हुई थी। उसके मोबाइल में आखिरी नंबर किसी महिला का डायल किया गया था। चर्चा है कि उसकी बातचीत कई महिलाओं से होती थी। तीन दिन से पड़े शव पर किसी की नजर नहीं गई। दुर्गंध उठने के बाद लोगों को भनक लगी।