स्थानीय तहसील में बुधवार को तहसील दिवस का आयोजन किया गया। मंगलवार को अवकाश होने के चलते एक दिन बाद डीएम की अध्यक्षता में तहसील दिवस में 152 शिकायतकर्ता फरियाद लेकर पहुंचे। शिकायतों की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने कहा कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने अधिकारियों व कर्मचारियों से दो टूक कहा निस्तारित शिकायतों की क्रास चेकिंग कराई जाएगी। जहां भी निस्तारण की गलत जानकारी मिली वहां के संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने एक एक फरियादियों की शिकायतों को ध्यान से सुना।
डीएम ने कहा कि आबादी व रास्ते के अतिक्रमण शीघ्रता से मौके पर जाकर निस्तारित करना होगा। एसपी एमपी वर्मा ने कहा कि पुलिस से सबंधित शिकायतों को निस्तारित करने में कोई भी कोताही नहीं बरती जाए। तहसील दिवस में कुल 152 शिकायतें आई। इसमें राजस्व की 42, विकास की 12, पुलिस की 8, समाज क ल्याण की 2, शिक्षा की 1 समेत अन्य विभागों की 86 शिकायतें रही। इस मौके पर सीडीओ महेंद्र बहादुर सिंह, सीएमओ डॉ. वीके पांडेय, एसडीएम वाईबी सिंह, प्रभारी कोतवाल अमित कुमार पांडेय, सीडीपीओ अनुपम मिश्रा आदि मौजूद रहीें। वहीं जेठवारा थाना क्षेत्र के डांडी पूरे बसावन निवासी राम अभिलाष ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर गंाव में आबादी की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत की थी। अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए डीएम डॉ. आदर्श सिंह तहसील दिवस के बाद स्थलीय निरीक्षण को सीधे गांव जा पहुंचे। जिलाधिकारी के अचानक पहुंचने पर हड़कंप मच गया। मौके पर जिलाधिकारी को आबादी की जमीन पर अतिक्रमण मिला।
जिलाधिकारी ने अपने सामने अतिक्रमण साफ करवाया और मामले की जांच के लिए एसडीएम को निर्देश दिया। दोबारा यहां अतिक्रमण पाया गया तो कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने की बात उन्हाेंने कही है। इस मौके पर एसडीएम वाईबी सिंह, नायब तहसीलदार सदानंद, कानूनगो चंद्रकांत पांडेय, लालता प्रसाद यादव, लेखपाल राजेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे। उधर सीडीओ महेंद्र बहादुर सिंह ने लालगंज के पूरे तिलकराम समग्र गांव का निरीक्षण किया। सीडीओ ने गांव में शासन द्वारा संचालित सभी योजनाआें को आम जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया।