मानिकपुर के शाहाबाद गंगा घाट पर स्नान करते समय गहरे पानी में डूबने से निखिल निर्मल की मौत हो गई। इकलौते बेटे की ननिहाल में मौत की खबर मिलने पर घर में कोहराम मचा रहा।
जनपद रायबरेली के जगतपुर बाजार निवासी रविंद्र निर्मल का बेटा 16 वर्षीय बेटा निखिल निर्मल चार दिन पूर्व अपनी बीमार नानी को देखने के लिए मां आशा देवी के साथ मानिकपुर के शाहाबाद आया था। रविवार की शाम शाहाबाद गंगा तट पर स्नान करने गया। इस दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में समा गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते वह पानी के बहाव के साथ किला तक पहुंच गया। जहां पहुंचे गोताखोरों ने उसे पकड़ लिया लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। वह अपने मां बाप का इकलौता बेटा था, उसके पिता मुंबई में प्राइवेट नौकरी कर परिवार का गुजर बसर करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ कुंडा अजीत सिंह मौके पर पहुंचे । थाना प्रभारी जयचंद भारती ने बताया कि विधिक कार्यवाही के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। इकलौते बेटे की मौत से मां आशा देवी व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नदी में डूबने से युवक की जान गई
सांगीपुर। रायबरेली के करहिया बाजार निवासी 18 वर्षीय अमन शुक्ला रविवार की शाम करीब चार बजे अपनी मां के साथ बाबा घुइसरनाथ धाम दर्शन पूजन करने आया। नदी में स्नान करते समय अमन गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख आसपास के लोगों के साथ ही मां चीखने चिल्लाने लगी। स्थानीय गोताखोरों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला। वहां मौजूद पुलिस चौकी के सिपाही उसे एंबुलेंस से सीएचसी सांगीपुर ले आए। जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे के मौत की सूचना मिलते ही मां चीखने चिल्लाने लगी। संवाद
करंट की चपेट में आने से राजगीर की मौत
प्रतापगढ़। कोतवाली देहात के रतीपुर चांदपुर निवासी सुशील कुमार (35) राजगीर का काम कर परिवार का गुजर बसर करता था। पुलिस के अनुसार रविवार को वह फुलवारी निवासी कुलदीप शर्मा के मकान का टाईबीम बनाने के लिए ग्राइंडर मशीन से सरिया काट रहा था। सरिया काटने के दौरान अचानक तार भी कट गया। जिससे सरिया में करंट उतर गया। करंट की चपेट में आने से सुशील कुमार झुलस गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। खबर मिलने पर पत्नी व बच्चे अस्पताल पहुंचे। घटनास्थल का चौकी प्रभारी सिटी सूर्य प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। संवाद