बाबा घुश्मेश्वर नाथ धाम में सोमवार को साथियों के साथ दर्शन करने आए किशोर की सई नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस की मदद से शव को नदी से निकाला गया है।
संग्रामगढ़ क्षेत्र के रामगंज निवासी संजय का 16 वर्षीय बेटा दिव्य केसरवानी गांव के कुछ लोगों के साथ बाबा घुश्मेश्वर नाथ धाम आया था। इसी बीच वह सई नदी में नहाने चला गया। गहराई का अनुमान न होने की वजह से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। डूबता देख साथ नहा रहे लोग हल्ला गुहार लगाते वह डूब चुका था। स्थानीय पुलिस और फायर कर्मियों की मदद से शव को सई नदी से निकाला गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।