प्रतापगढ़। 19 सितंबर को 2013 को आज के ही दिन नई अंशदायी पेंशन योजना लागू होने के विरोध में शिक्षकों और कर्मचारियों ने बुधवार को काला दिवस मनाया। बांह में काली पट्टी बांधकर कार्य बहिष्कार किया और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग की। जिले के लोकनिर्माण विभाग, आईटीआई, सिंचाई, विकास भवन, स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों ने अंशदायी पेंशन का विरोध किया। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के सहसंयोजक रमाशंकर तिवारी ने कहा कि आज ही दिन संसद में अंशदायी पेंशन को मंजूरी मिली थी। उन्होंने कहा कि अंशदायी पेंशन कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए निरर्थक साबित हो रही हैं।
संयोजक राजेशमोहन मिश्र ने कहा कि हम तब तक आंदोलन करते रहेंगे, जब तक केंद्र सरकार पुरानी पेंशन को बहाल नहीं करती है। उन्होंने कहा कि यह काला दिवस हम कैसे भूल सकते हैं। इसके पूर्व आईटीआई में एकत्रित कर्मचारियों ने नारेबाजी कर अंशदाई पेंशन का विरोध किया। इस मौके पर रमाशंकर शुक्ल, विनय सिंह, पीके श्रीवास्तव, एसबी सिंह, राम शिरोमणि, राम प्रकाश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।