सगरासुंदरपुर। घर से दुकान खोलने जा रहे चाय विक्रेता को बदमाशों ने गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखकर डाक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर विरोध जताया। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है।
लालगंज कोतवाली के बाबूगंज डीहमेहंदी निवासी मो. शकील उर्फ लालबाबू (42) ने बाजार में चाय की है। शनिवार की सुबह पांच बजे वह घर से पैदल ही दुकान खोलने जा रहा था। रास्ते में घात लगाकर बैठे अज्ञात हमलावर ने उस पर फायर झोंक दिया। वह अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। गोली लगने से शकील गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ दूरी पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लग सकी। उधर, फायरिंग की आवाज सुनकर लोग घर से बाहर निकले तो चाय विक्रेता को लहूलुहान देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चाय विक्रेता को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज के एसआरएन रेफर कर दिया।
इधर, चाय विक्रेता को गोली मारने की जानकारी होने पर व्यापारी आक्रोशित हो गए। नाराज व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर विरोध जताया। इसकी जानकारी पर सीओ जगमोहन सिंह व प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार यादव बाबूगंज बाजार पहुंचे और हमलावर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत कराया। मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। घटना के बारे में परिजन व पुलिस कुछ भी नहीं बता पा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अभी कुछ भी साफ नहीं हो पाया है। चाय विक्रेता की हालत खतरे से बाहर है।
पेयजल टंकी के लिए भाजपाइयों ने किया भूमि पूजन
प्रतापगढ़। सांगीपुर विकास खंड के राकी गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत बनने वाली पानी की टंकी का भूमिपूजन भाजपाइयों ने किया। कार्यक्रम में सांसद संगमलाल गुप्ता को शामिल होना था, लेकिन किसी कारण से वह नहीं आए। जिसके बाद सांसद प्रतिनिधि विनोद कुमार मिश्र उर्फ बबलू ने पेयजल टंकी के लिए भूमिपूजन किया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि नागेश प्रताप सिंह, देवेंद्र सिंह, राजकुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार को समाजवादी पार्टी ने दी एक लाख की सहायता
लालगंज। पुलिस की पिटाई से हुई युवक की मौत के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी की ओर से पीड़ित परिवार को एक लाख का चेक सौंपा गया। लालगंज कोतवाली के बाबूतारा में 20 सितंबर को पुलिस की पिटाई से मकबूल खां की मौत हो गई थी। इसकी जानकारी होने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवार की मदद के लिए भेजा।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री रामगोविंद चौधरी, सपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज शनिवार को पूर्व मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा व सपा नेता संजय पांडेय के साथ बाबूतारा गांव पहुंचे। यहां सपा नेताओं ने मृतक मकबूल के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक सौंपा। इससे पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवाकांत ओझा के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी व महासचिव इंद्रजीत सरोज का लालगंज के सरस्वती विद्या मंदिर पीजी कालेज के सामने गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक नागेंद्र यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद मौर्य, टीपी यादव, प्राचार्य अमित सिंह, गुलशन यादव, भइयाराम पटेल, अंसार अहमद, श्याद अली, रामसिंह पटेल, अनीस खां, शांति सिंह, महिमा गुप्ता, नूर अकबाल रब्बानी, प्रकाशचंद्र उपाध्याय, वासिक खान, मनीष पाल, हरीश शुक्ला, इरफान खान, शक्ति सिंह, सियाराम यादव, राजेश यादव, रामअवध आदि मौजूद रहे।