सराफ को झांसा देकर जेवरात ले गए टप्पे बाज
पट्टी। कोतवाली इलाके के करेला बाजार स्थित अयोध्या ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे दंपती दुकानदार को झांसा देकर 11 ग्राम सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद बताई जा रही है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के करेला बाजार में राम कुमार सोनी की अयोध्या ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। बीते बुधवार की शाम 5:30 बजे उनकी दुकान पर ग्राहक बनकर दंपती बच्चे के साथ पहुंचे और दुकानदार को सोने के झुमके व कुछ और जेवरात दिखाने की बात कही। जेवरात देखने के दौरान टप्पेबाजों ने मौका पाकर तीन ग्राम का एक झुमका व आठ ग्राम का झाला पार कर दिया और वहां से निकल गए। ग्राहक बनकर आए लोगों के चले जाने के बाद जब उसने सामान की गिनती की तो झुमका और झाला कम नजर आया। दुकानदार ने जब सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो उनकी सारी हरकत सीसीटीवी में कैद नजर आई। दुकानदार राम कुमार सोनी ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टप्पे बाजों की तलाश कर रही है।
........
जमीनी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट
पट्टी। बेला रामपुर गांव में जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट व पथराव में एक वृद्धा तथा एक आठ वर्षीय मासूम घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है। रामपुर बेला निवासी कैलाशी देवी का आरोप है कि उनके पड़ोसियों से जमीन को लेकर अरसे से विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे पड़ोसी एक राय होकर उनपर घर में घुसकर लाठी-डंडे व ईट-पत्थर से हमला बोल दिया। जिससे वृद्धा को गंभीर चोट आई। दूसरे पक्ष के संदीप कुमार ने भी पड़ोसियों द्वारा जमीनी रंजिश में मारपीट व पथराव करने के दौरान ज्योतिका को पत्थर लगने से घायल होने की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। संवाद
........
सार्वजनिक रास्ते पर हो रहा निर्माण, शिकायत
पट्टी। रानीपुर गांव में सार्वजनिक रास्ते पर लगे खड़ंजे की ईंट उखाड़ देने से आवागमन में लोगों को दिक्कत हो रही है। आरोप है कि रास्ते की जमीन में निर्माण भी किया जा रहा है। ग्रामीणों ने एसडीएम के साथ कोतवाली पुलिस से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। रानीपुर निवासी मोनू वर्मा समेत गांव के ग्रामीणों ने एसडीएम व कोतवाली पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि ग्रामीणों को आने जाने के लिए सार्वजनिक रास्ता बनाया गया था। गांव के शरारती लोगों ने खड़ंजे में लगी ईंट को उखाड़कर फेंक दिया और रास्ते पर मकान निर्माण कर रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच कर जांच पड़ताल करने के बाद उक्त लोगों को कोतवाली लाई। संवाद