रात में पहुंचे तहसीलदार, ओम के पिता को सौंपा पांच लाख का चेक
कौशांबी सांसद विनोद सोनकर ने भी दिया कालेज कक्ष निर्माण के लिए पांच लाख
सीएम से परिजनों की मुलाकात करने के लिए करेंगे प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
बाबागंज/जेठवारा। अधिवक्ता ओम मिश्र के परिजनों को शासन से मिले पांच लाख रुपये का चेक देने के लिए लालगंज के प्रभारी तहसीलदार शनिवार की रात उनके घर पहुंचे। परिवार के लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया। जिसके बाद ओम के पिता ने पांच लाख रुपये का चेक ले लिया। सांसद कौशांबी विनोद सोनकर से मिलकर सीएम से मिलने के साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी कराने की मांग उठाई। सांसद ने ओम के इंटर कालेज में कक्ष निर्माण के लिए पांच लाख रुपये का चेक भी दिया। बोले कि सीएम से मुलाकात के लिए वह प्रयास करेंगे।
महेशगंज थाना क्षेत्र के कलिकापुर ढिंगौसी निवासी अधिवक्ता व विहिप अध्यक्ष ओम मिश्र की 15 जुुलाई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद दो दिनों तक जमकर बवाल हुआ था। तीसरे दिन अंतिम संस्कार हुआ। इस बीच परिजनों को जिले की प्रभारी मंत्री स्वाति सिंह ने वादा किया था कि सीएम विवेकाधीन कोष से 10 लाख और किसान बीमा योजना से 5 लाख रुपये दिलाएंगी। पत्नी नीलम को कस्तूरबा विद्यालय में अनुदेशक की नौकरी दिलाने का वादा किया था। हालांकि नौकरी के सिलसिले में डीएम ने बात करने के दौरान इनकार कर दिया। सीएम विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये की मदद आई थी। जिसे देने के लिए दो दिनों से लालगंज के प्रभारी तहसीलदार कृष्ण कुमार परिजनों का चक्कर लगा रहे थे। शनिवार की देर रात प्रभारी तहसीलदार लालगंज ओम मिश्र के घर पहुंचे। परिवार के लोगों से काफी देर तक बातचीत के बाद शासन से मिले पांच लाख रुपये के चेक को पिता तीर्थराज को सौंप दिया। रविवार को मृतक ओम के भाई लवलेश व धीरज मिश्र कौशांबी सांसद विनोद सोनकर से मिले। सांसद से बातचीत के दौरान कहा कि उनकी मुलाकात सीएम से कराई जाए। मदद का जो भरोसा दिया गया था। उसे भी पूरा नहीं किया जा रहा है। सांसद कौशांबी विनोद सोनकर ने कक्ष निर्माण के लिए पांच लाख रुपये का चेक दिया। कहा कि वह जल्द ही सीएम से परिजनों की मुलाकात कराएंगे। परिवार की हरसंभव मदद होगी।