परीक्षा को लेकर उत्साहित दिखे छात्र-छात्राएं
शहर के प्रभात एकेडमी में रविवार को हुई अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा
480 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में की सहभागिता
प्रतापगढ़। शहर के अष्टभुजानगर स्थित प्रभात एकेडमी में हुई अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा में छात्र-छात्राओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। शहर में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के बावजूद 480 छात्र-छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं का सुबह आठ बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर उमड़ने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था।
अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले रविवार को शहर के प्रभात एकेडमी में आयोजित परीक्षा के लिए 737 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। जिसमें से 480 छात्र-छात्राओं ने रविवार को प्रतियोगिता में उपस्थिति दर्ज कराई। ओएमआर सीट से हुई परीक्षा में कक्षा 9-10 और 11-12 के छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र तैयार किए गए थे। यूपी बोर्ड के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित इस परीक्षा में सफल प्रतिभागियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। कई वर्षों से आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता की लोकप्रियता दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। 11 बजे से प्रारंभ होने वाली प्रतियोगिता के लिए सुबह आठ बजे से ही परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। प्रभात एकेडमी के प्रिंसिपल डॉ. प्रभात शर्मा की बेहतरीन व्यवस्था के चलते परीक्षार्थियों को किसी भी असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। एकेडमी के शिक्षक प्रदीप पांडेय, इरफान, संजय पांडेय, संतोष कुमार, आकांक्षा श्रीवास्तव, अपूर्वा, शिल्पी सिंह, यूएस मिश्रा, सुधाकर श्रीवास्तव, रितेश कुमार, वीर शुक्ला, किरन त्रिपाठी, कल्पना, हरिकेश, अमरजीत, अनीता, आकाश शर्मा का सहयोग सराहनीय रहा।
परीक्षा में शामिल होने आए छात्र-छात्राएं परीक्षा कक्ष से बाहर आते ही अनसुलझे सवालों को सुलझाने में लग गए। बहुविकल्पीय प्रश्न में कौन सही और कौन गलत है, इसे लेकर माथा-पच्ची करते रहे। परीक्षा छूटने के काफी देर तक बच्चे अपनी जिज्ञासा को शांत करने में लगे रहे।
प्रभात एकेडमी में आयोजित अतुल महेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देते परीक्षा देकर बाहर निकले उत्सा?- फोटो : PRATAPGARH
प्रभात एकेडमी में आयोजित अतुल महेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देते परीक्षार्थी।- फोटो : PRATAPGARH