भरतमिलाप के दिन मारपीट कर रुपये लूटने वालों के खिलाफ केस
मेला देखने जा रहे लोगों के साथ भी हुई थी छिनैती
प्रतापगढ़। भरतमिलाप की रात मेला देखने वालों के साथ मारपीट व रुपये छीनने वालों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। उस रात मेला देखने जा रहे लोगों के साथ छिनैती की खबर मिलने पर पुलिस भी पहुंची थी। पुलिस के दबाव पर कई लोगों के मोबाइल भी वापस कर दिए गए थे।
नगर कोतवाली के पूर्वी सहोदरपुर निवासी अखिलेश गौतम का आरोप है कि भरतमिलाप की रात मेला देखने जाते समय रेलवे क्रासिंग के करीब भंगवा के रहने वाले अमन वर्मा पुत्र राज बहादुर वर्मा, नितिन पांडेय व कुलदीप पाल निवासी पूर्वी सहोदरपुर व 5-6 अज्ञात लोगों ने मिलकर उसे मारापीटा। उसके पास से 12 सौ रुपये छीन लिया। विरोध करने पर धमकी देने लगे। शोर शराबा सुनकर मेला देखने जा रहे लोग दौड़कर पहुंचे तो आरोपी भाग निकले। उसी रात मेला देखने जा रहे लोगों से कीना का पुरवा, रेलवे क्रासिंग के करीब मोबाइल छीना गया था। मोबाइल छीनने के बाद आरोपी भाग निकले थे। हालांकि जानकारी के बाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लूटपाट करने वाले संदिग्ध बदमाशों की तलाश में दबिश भी दी लेकिन वे घरों पर नहीं मिले। कुछ लोगों के मोबाइल पुलिस के दबाव पर लौटा दिए गए।