सड़क हादसे में युवकों की मौत के बाद जुटी भीड़।
- फोटो : प्रतापगढ़
राजनैतिक दलों संग शहरियों का देर रात तक लगा रहा जमघट
शहर के पल्टन बाजार में बृहस्पतिवार को ईशा नमाज के बाद चारों दोस्तों का जनाजा एक साथ घरों से निकला तो हर किसी की आंखों से आंसू निकल पड़े। परिवार के लोगों को बुरा हाल था। उनके रोने बिलखने के साथ ही चीत्कार सुनकर हर किसी का कलेजा फटा जा रहा था। शोक जताने के लिए राजनैतिक दलों के नेताओं के साथ शहरियों का जमावड़ा लगा रहा। जनाजे को कंधा देने के लिए भीड़ के चलते लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पल्टन बाजार निवासी चंपा सुर्ती कारोबारी मुर्तजा खान के बेटे इरशाद उर्फ गोलू, मेडिकल स्टोर संचालक शमीम खान के बेटे इमरान के अलावा लुकमान व अबू बकर के जनाजे को गुस्ल देने के बाद घर पर रखा गया। बाद नमाज ईशा चारों के जनाजे घरों से एक साथ उठे। यह देख हर कोई बिलखने लगा। परिवार के लोगों का करुण क्रंदन देख लोग गमगीन हो गए। चांद तारा कब्रिस्तान में सभी जनाजे की अलग-अलग नमाज अदा कराने के बाद सभी को सुपुर्द-ए- खाक किया गया।
कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने घटना पर दुख जताया। पल्टन बाजार पहुंचकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. लालजी त्रिपाठी, कपिल द्विवेदी, डॉ. नीरज त्रिपाठी, सभासद प्रतिनिधि योगेश सिंह, दिनेश सिंह, दिन्नू सिंह, दानिश माबूद, इरफान खान, इश्तियाक अहमद, हुजैफ खान, कासिम बाबा, वासिक खान, इरशाद सिद्दीकी, शहरेआलम शेबू, अज्जू ओझा, अख्त राइन, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी समेत बड़ी संख्या में लोग परिवार के लोगों को सांत्वना देने पहुंचे।