नगर कोतवाली के सोनावां में ढाबा चेक करते एसपी शिवहरी मीणा।
- फोटो : PRATAPGARH
अलर्ट के बाद भी शुक्रवार रात में कमरे में सोते मिले कोहड़ौर एसओ को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया। उधर, जेठवारा के दरोगा व सिपाही गायब मिले। लापरवाही सामने आने पर दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा ने शुक्रवार की रात सभी थानेदारों को अलर्ट रहते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी, होटल, ढाबों पर चेकिंग के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर नजर रखने का आदेश दिया था।
रात में मातहतों की कारगुजारी देखने के लिए पुलिस अधीक्षक खुद निकल पड़े। शहर में पुलिसकर्मियों की सक्रियता दिखी। इसके बाद वह कोहड़ौर के लिए निकले। ढाबों पर खाना खाने वालों से पूछताछ के साथ ही रास्ते में मिलने वाले लोगों की तलाशी ली गई। कोहड़ौर पहुंचने पर पता चला कि थानाध्यक्ष रतनलाल कनौजिया कमरे में हैं।
वह न तो चेकिंग पर निकले थे और न ही कोई टीम निकाली थी। इस पर एसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी रात दो बजे जेठवारा पहुंचे। जहां उपनिरीक्षक रामअधार यादव, सिपाही रामऔतार सचान, स्वपनिल स्वरूप स्वपन और आनंद कुमार गैरहाजिर मिले। एसपी ने सभी को निलंबित कर दिया।