डेरवा बाजार में साप्ताहिक बंदी की जांच को पहुंची अधिकारी।
- फोटो : PRATAPGARH
साप्ताहिक बंदी होने के बाद भी दुकानें खोलने की शिकायत पर शनिवार को पुलिस और श्रम विभाग ने डेरवा बाजार बंद करा दिया। इससे बाजार में अफरातफरी का माहौल रहा। अफसरों ने बाजार में घूमकर व्यापारियों को साप्ताहिक बंदी के दिन दुकानें न खोलने की हिदायत दी।
डेरवा बाजार में साप्ताहिक बंदी शनिवार को घोषित की गई है। इसके बाद भी शनिवार को बाजार में व्यापारियों ने दुकानें खोल रखीं थीं। व्यापार मंडल डेरवा के उपाध्यक्ष पारसनाथ उर्फ भोला सेठ ने एसडीएम कुंडा से इसकी शिकायत की।
इस पर एसडीएम ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी कुंडा अमृता शुक्ला और जेठवारा पुलिस को भेजकर तुंरत दुकानें बंद कराने के लिए कहा। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने जब चालान करने की चेतावनी दी तो व्यापारियों ने दुकानें बंद करना प्रारंभ कर दिया। थोड़ी ही देर में बाजार की सभी दुकानें बंद हो गईं। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने कहा है कि यदि साप्ताहिक बंदी के दिन बाजार में दुकानें खुली मिलीं तो कार्रवाई होगी। इस मौके पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी लल्ला गुप्ता, जयप्रकाश अग्रहरि, भूपत सिंह, लाला केशरवानी आदि मौजूद रहे।