मां बेल्हादेवी जंक्शन से दिल्ली जा रही पद्मावत एक्सप्रेस के एक कोच के नीचे पहिये से चिलबिला व जगेशरगंज स्टेशन के बीच चिंगारी के साथ धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में कोच के अंदर धुआं भरने लगा। जिससे खलबली मच गई। धुएं से यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। गार्ड की सूचना पर चालक के ट्रेन रोकते ही यात्री कोच से कूदकर नीचे उतर गए।
मां बेल्हा देवी प्रतापगढ़ जंक्शन से पद्मावत एक्सप्रेस शनिवार रात दो घंटे की देरी से दिल्ली के लिए रवाना हुई। जगेशरगंज स्टेशन के पहले ही इंजन के बाद लगे जनरल बोगी का डायनमिक बेल्ट टूट गया। जिससे पहिया रगड़ने लगा। इससे चिंगारी के साथ पहिए से धुआं आने लगा।
यात्री कुछ समझ पाते, इससे पहले जगेशरगंज स्टेशन पर रेलकर्मी ने कोच के पहिये से उठ रहे धुएं व चिंगारी की जानकारी कंट्रोल के साथ फोन पर चालक और गार्ड को दी। पारा हमीदपुर फाटक के पास ट्रेन को रोका गया। तब तक कोच में धुआं पूरी तरह भर चुका था। जिससे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
ट्रेन रुकते ही सामान लेकर यात्री नीचे उतर गए। हालांकि गार्ड और चालक ने फायरकिट के सहारे चिंगारी को बुझाई। इसके बाद डायनमिक बेल्ट को निकाला गया। करीब 40 मिनट बाद ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना की गई। जगेशरगंज स्टेशन पर हरी झंडी दिखाने वाले रेलकर्मी का ध्यान यदि पहिये से निकल रही चिंगारी और जनरल बोगी में भर रहे धुएं की ओर न गया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्टेशन मास्टर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि फाइन बेल्ट टूटने के कारण चिंगारी निकल रही थी। इससे धुआं उठने लगा था।
गौरीगंज में इंटरसिटी, रायबरेली में रोक दी गई काशी विश्वनाथ
कानपुर से मां बेल्हादेवी जंक्शन को आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को गौरीगंज तो दिल्ली से वाराणसी को जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को रायबरेली में रोका गया। जौनपुर से रायबरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस को चिलबिला में तो जंघई से गौरीगंज जा रही मालगाड़ी को जगेशरगंज स्टेशन पर रोका गया। 40 मिनट के बाद रास्ता बहाल हुआ तो ट्रेनों का संचालन किया गया।
मरम्मत की जगह वाॅशिंग लाइन में महज सफाई
मां बेल्हादेवी से बनकर चलने वाली ट्रेनों को वाशिंग लाइन पर मरम्मत करने के लिए वर्कशाप बनाया गया है। यहां ट्रेनों में आने वाली कमियाें की ओर किसी का ध्यान नहीं जाता है। महज सफाई और धुलाई के लिए वाशिंग लाइन तक कोच को लिया जाता है। बाकी कागज पर सबकुछ ठीक दिखा दिया जाता है। डीआरएम एसएम शर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जिसकी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।