Six candidates including BJP leader Seema, Sindhuja rejected
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन करने वाली पूर्व विधायक बृजेश सौरभ की पत्नी सीमा मिश्रा, सिंधुजा मिश्रा का नाम मतदाता सूची में शामिल न होने पर पर्चा खारिज कर दिया गया है। जबकि मंगरौरा से रामदेव, लक्ष्मणपुर से भैयाराम, बाबागंज द्वितीय से नामांकन करने वाले उदयभान और शांति देवी का भी पर्चा खारिज कर दिया गया है।
सदर तहसील में शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच में प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक मौजूद रहे। संडवा चंद्रिका प्रथम से नामांकन करने वाली पूर्व विधायक बृजेश सौरभ की पत्नी सीमा मिश्रा और लक्ष्मणपुर तृतीय से नामांकन करने वाली शिव प्रकाश मिश्र की पत्नी सिंधुजा मिश्र का नाम मतदाता सूची में नहीं होने के कारण पर्चा खारिज कर दिया गया है। इन दोनों लोगों मतदाता सूची में नाम बढ़ाने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, मगर शुक्रवार को कोई निर्णय नहीं आने के कारण चुनाव अधिकारी ने नामांकन रद्द कर दिया है। लक्ष्मणपुर विकास खंड के वार्ड संख्या 16 से नामांकन पत्र भरने वाले भैयाराम और मंगरौरा प्रथम से नामांकन करने वाले रामदेव को कोर्ट ने आजीवन कारावास का सजा सुनाया है, मगर इन दिनों यह लोग जमानत पर छूटे हुए हैं और नामांकन कर दिया।
आपत्ति दाखिल होने पर चुनाव अधिकारी ने दोनों नामांकन पत्रों को निरस्त कर दिया है। बाबागंज द्वितीय सीट महिला के लिए आरक्षित होने के बावजूद उदयभान के नामांकन करने पर चुनाव अधिकारी ने नामांकन निरस्त कर दिया है। संडवा चंद्रिका प्रथम वार्ड पर आवेदन करनी वाली शहर के रंजीतपुर चिलबिला निवासी शांति देवी का नामांकन रद्द कर दिया गया है। सीआरओ इंद्र भूषण वर्मा ने बताया कि जिन वार्डों में जांच का कार्य पूरा नहीं हुआ है, वहां कल आपत्तियों को निस्तारित किया जाएगा। इधर, जिले के 17 ब्लाकों में दाखिल आपत्तियों के निस्तारण के लिए शनिवार को समय दिया गया है। सदर ब्लाक में प्रधानों का पर्चा खारिज करने के लिए छह आपत्तियां आई हैं।
मतदाता सूची से नाम काटे जाने के विरोध में प्रदर्शन
आसपुर देवसरा के तीवीपुर के ग्रामीणों ने शुक्रवार को एनआईसी कार्यालय के सामने मतदाता सूची से नाम काटने का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि कई साल से मतदान कर रहे लगभग 250 से अधिक लोगों का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है।आरोप लगाया कि एक व्यक्ति के प्रभाव में यह खेल किया है। गांव के लोगों का कहना था कि फार्म भरने के बाद भी नाम नहीं बढ़ाए गए। दोपहर 3.30 बजे अतिरिक्त एसडीएम मौके पर पहुंच करदो दिन में कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त किया। धरने में कमलेश गुप्ता, छोटेलाल, विजय पाल, उर्मिला देवी, पवन कुमार, राजकुमार समेत कई लोग मौजूद रहे। संवाद