सीआईसीएसई के दसवीं और बारहवीं के नतीजे शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। हाईस्कूल में जया सिंह और इंटरमीडिएट में श्रेयसी मिश्रा को जिले का टॉपर बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। इस वर्ष हाईस्कूल में 98 और इंटरमीडिएट में शामिल सभी 109 छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं।
सीआईसीएसई (काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन) बोर्ड ने शुक्रवार को दसवीं और बारहवीं का परिणाम घोषित कर दिया। शहर के एकमात्र स्कूल प्रभात एकेडमी में परिणाम आने का इंतजार कर रहे बच्चों को जब पास होने की जानकारी हुई तो वे खुशी से झूम उठे। अच्छा अंक पाने से खुश बच्चों ने कॉलेज के प्रिंसिपल डा. प्रभात शर्मा को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा किया। इंटरमीडिएट में श्रेयसी मिश्रा सबसे अधिक 458 अंक प्राप्त कॉलेज में अव्वल रही। अस्मिता उपाध्याय 454 अंक पाकर दूसरे और अमित मौर्या 453 अंक पाकर तीसरे स्थान पर रही। हाईस्कूल में जया सिंह ने 554 अंक हासिल कर प्रथम, शिवांशु गुप्ता 546 अंक हासिल कर दूसरा और आलिया खान 527 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सीआईसीएसई बोर्ड के नजीतों में आठ वर्ष बाद ऐसा हुआ है कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के सभी छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। बोर्ड ने रिजल्ट घोषित करने के लिए तीन बजे का समय निर्धारित किया था। वेबसाइट पर रिजल्ट नहीं मिलने से परेशान छात्र-छात्राएं और अभिभावक साइबर कैफे का चक्कर लगाते रहे। प्रभात एकेडमी में एकत्रित हुए छात्र-छात्राओं ने केमेस्ट्री टीचर शिशिर श्रीवास्तव के पास रिजल्ट की जानकारी करने के लिए उमड़ पडे़। बच्चों को प्रथम श्रेणी में पास होने की जानकारी होते ही खुशी से झूम उठे। कॉलेज के प्रिंसिपल डा. शर्मा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।