कंधई थाना क्षेत्र के गुतौली में सोमवार को विवाहिता की संदिग्ध माैत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मायके पक्ष ने पति पर दहेज उत्पीड़न के बाद हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
दूसरी ओर मंगलवार को विवाहिता के पोस्टमार्टम में जख्मों के अनगिनत निशां मिले हैं, जो हैवानियत को बयां कर रहे हैं। मामले में आरोपी पति और अन्य ससुराली फरार हैं।
जनपद सुल्तानपुर के लंभुआ थाना क्षेत्र के परसीपुर निवासी मोबीन की छोटी बेटी शहाना ने गुतौली के रहने वाले अपने जीजा वहाबउद्दीन के प्रेमजाल में फंसकर दो साल पहले शादी की थी। उसके इस कदम के बाद मोबीन की बड़ी बेटी सलमा अपने मायके रहने लगी थी।
सोमवार को करीब तीन बजे शहाना का शव घर में चारपाई पर मिला था और मृतका के पति समेत ससुरालीजन घर से फरार थे। घटना की जानकारी मिलने पर शहाना का पिता मोबीन परिजनों के साथ गुतौली पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की।
मोबीन का आरोप है कि वहाबउद्दीन समेत परिवार के दूसरे सदस्यों ने बाइक की मांग पूरी न करने पर उसकी बेटी को लाठी डंडे से पीटकर मार डाला। उसने घटनाक्रम की तहरीर थाने पर दी, लेकिन मंगलवार शाम तक कंधई पुलिस दर्ज करने में आनाकानी करती रही।
इधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर मायके परसीपुर चले गए। कंधई थानाध्यक्ष गुलाबचंद्र सोनकर ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में परिवार के लोगों को बुलाया गया है, ताकि उनके अनुसार विधिक कार्रवाई की जा सके। विवाहिता की लाठी डंडे से पिटाई के कारण मौत होने की बात सामने आई है।