कटरामेदनीगंज में युवक की गिरफ्तारी के लिए मध्य प्रदेश जबलपुर की पुलिस पहुंचने पर जुटी भीड़।
- फोटो : PRATAPGARH
जबलपुर की युवती को शादी का झांसा देकर तीन लाख रुपये हड़पने के साथ ही उसके साथ जिस्मानी रिश्ता बनाया। बाद में शादी से इनकार करते हुए दूसरी जगह शादी तय कर ली। यह सुनने के बाद युवती को गहरा सदमा लगा। उसकी शिकायत पर जबलपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश में सोमवार को कटरामेदनीगंज आ पहुंची। आरोपी युवक के घर पर ताला लटक रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मध्य प्रदेश के जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का आरोप है कि छह साल पहले रिश्ते में ममेरा भाई मेराज अहमद पुत्र अजीम उल्ला निवासी कटरामेदनीगंज से मुलाकात हुई। बातचीत धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ने लगा। वे शादी को भी राजी हो गए। 22 जून 2018 को मेराज जबलपुर पहुंचा।
वह पंकज पैलेस महाकौशल में रुका हुआ था। जहां उससे मिलने के लिए युवती आई। युवती का आरोप है कि मेराज ने बातचीत में उससे तीन लाख रुपये उधार मांगे थे। बोला था कि शादी के एक माह पहले वापस कर देगा। तीन लाख रुपये लेने के बाद उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ जिस्मानी रिश्ता बना लिया। बीच-बीच में वह जबलपुर आता-जाता रहा।
अलग-अलग स्थानों पर उसे ले जाकर शारीरिक संबद्ध बनाता रहा। एक माह पहले मेराज ने यह कहते हुए शादी से इनकार कर दिया कि उसकी शादी दूसरी जगह होने जा रही है। वहां उसे दहेज में दस लाख रुपये मिलेंगे। यह सुनते ही युवती के पैरों तले से जमीन खिसक गई। यह बात उसने परिजनों को बताई। लोगों ने मेराज से बातचीत की लेकिन कोई रास्ता नहीं निकला।
युवती की तहरीर पर पुलिस ने 16 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर लिया। मेराज की बारात 24 सितंबर को जाएगी। युवती को साथ लेकर सोमवार को जबलपुर के हनुमानताल थाने की पुलिस कटरामेदनीगंज आ धमकी। पुलिस ने आरोपी युवक के घर दबिश दी लेकिन वहां ताला लटकता मिला।
पुलिसकर्मी उसकी तलाश में दबिश देते रहे। युवती अपने परिवार के लोगों के साथ कटरामेदनीगंज में ही डटी हुई है। नगर कोतवाल ने बताया कि मध्य प्रदेश की पुलिस आई है। आरोपी घर पर नहीं है।