छठ पूजा पर वाराणसी जाने वाले दर्शनार्थियों को इस बार किसी प्रकार की दिक्कतें नहीं होंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने सात स्पेशल बसों के संचालन का फैसला लिया है। 20 से 28 अक्तूबर तक स्पेशल बसें संचालित होंगी।
रोडवेज आरएम रवींद्र सिंह ने बताया कि प्रतापगढ़, जौनपुर के अधिकांश लोग छठ पूजा मनाने वाराणसी जाते हैं। ट्रेनों में भीड़ अधिक होने के कारण दर्शनार्थियों को परेशान होना पड़ता है। प्रतापगढ़ डिपो से वाराणसी के लिए सात स्पेशल बसों का संचालन का फैसला लिया गया है। जौनपुर के रास्ते बसें वाराणसी जाएंगी। भीड़ बढ़ती है तो बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की दिक्कतें न हो।
एआरएम मुनीर ने बताया कि इन रूटों पर प्रत्येक दो घंटे पर यात्रियों के लिए बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। स्पेशल बसों के संचालन से यात्रियों की यात्रा सुगम और आरामदायक होगी। यात्री बिना परेशानी के अपने गंतव्य पहुंच सकेंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार से दिवाली त्योहार स्पेशल बसों का भी संचालन शुरू हो जाएगा। लंबी दूरी नई बसों का संचालन किया जाएगा। दिल्ली, लखनऊ और कानपुर मार्ग पर अतिरिक्त पांच-पांच त्योहार स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। भीड़ को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई और घटाई जा सकती है।