जबरन धर्म परिवर्तन और शादी कराने के आरोप में पुलिस ने निकाह पढ़वाने वाले मौलवी समेत सात आरोपियों को कंधई इलाके से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई पीड़ित युवती की शिकायत पर हुई है। मामले की विवेचना की जा रही है।
युवती को गांव का ही युवक बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया था। कोर्ट मैरिज करने के बाद सुल्तानपुर में अपने मामा इसराइल के घर 25 मई को धर्म परिवर्तन करा निकाह किया। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों ने उसके साथ बदसलूकी की। धर्म परिवर्तन को लेकर हो रहे विवाद को देखते हुए उसे मारपीट कर घर से भगा दिया।
रविवार को युवती ने कंधई थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को तलाश शुरू कर दी। मामला एसपी डॉ. अनिल कुमार के संज्ञान में आया तो उन्होंने गिरफ्तारी के आदेश दिए। बुधवार को वाहन चेकिंग के दौरान कंधई थाना प्रभारी गुलबाचंद्र सोनकर ने हमराहियों के साथ आरोपियों को मजिस्ता मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
- डॉ. अनिल कुमार, एसपी
इनकी हुई गिरफ्तारी
युवती का निकाह कराने वाले मौलवी कंधई के दोहरी तकिया निवासी शमीम, कंधई के हरदतपुर निवासी पति मिराज, जेठ फिरोज, ससुर मकसूद, सुल्तानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र के मामा इसराइल, अंतू के सेतापुर निवासी अकरम और ननद को गिरफ्तार किया गया है।
2024 में सुल्तानपुर में की थी कोर्ट मैरिज
युवक 2023 में नाबालिग किशोरी को साथ लेकर फरार हो गया था। बालिग होने पर 2024 में सुल्तानपुर में कोर्ट मैरिज की। इसके बाद उसे बहनोई हैदरअली के घर लखनऊ ले गया। 25 मई 2025 को सुल्तानपुर स्थित मामा इसराइल के घर आयोजित कार्यक्रम में निकाह के बाद फिर दोनों बहनोई के घर लखनऊ चले गए। युवती को घर से निकाला गया तो वह रविवार को लखनऊ से सीधे थाने पहुंची। पुलिस ने सकि्रयता दिखाते हुए सभी आरोपियों का गिरफ्तार कर लिया।