रानीगंज तहसील में अधिवक्ताओं के विरोध प्रदर्शन के कारण डीएम शिव सहाय अवस्थी ने एसडीएम रानीगंज विमल कुमार से न्यायिक कार्यों की जिम्मेदारी ले ली है। अब एसडीएम न्यायिक सुबोध मणि जिम्मेदारी संभालेंगे।
तहसील के अधिवक्ता पिछले 11 दिनों से एसडीएम के तबादले की मांग को लेकर अनशन कर रहे हैं। अधिवक्ता अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम के स्थानांतरण को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन का संज्ञान लेकर डीएम ने बृहस्पतिवार को न्यायिक कार्यों की जिम्मेदारी एसडीएम सुबोधमणि को सौंप दी। हालांकि न्यायिक कार्यों से हटाए जाने के बाद अधिवक्ताओं का विरोध लगातार जारी है।
शुक्रवार का अनशन पर बैठे अधिवक्ताओं ने कहा कि तबादला न होने पर 16 फरवरी से भूख हड़ताल की जाएगी। इस मौके पर तहसील बार एसोसिएशन के महामंत्री अजय तिवारी, लालबहादुर यादव, देवेश प्रताप सिंह, वीरेंद्र मिश्र, शैलेश पांडेय, संतोष तिवारी, शिवेंद्र प्रताप सिंह, प्रमोद मिश्र, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, प्रमोद तिवारी, रविंद्र मिश्र, सभापति द्विवेदी, महेंद्र कुमार पांडेय, वसीम अहमद, गुलाम मोहम्मद आदि मौजूद रहे।