जिले में 14 जमातियों व क्वारंटाइन किए गए 4 परदेसियों का सैंपल जांच के लिए एसजीपीजीआई लखनऊ भेजा गया। क्वारंटाइन केंद्र पर रखे गए लोगों पर प्रशासन की नजर है। अभी तक जिले में कोरोना से संक्रमित 6 लोग मिल चुके हैं। ऐसे में अब इन जांच रिपोर्टों पर प्रशासन की नजर है।
कोरोना महामारी से जारी जंग के बीच जिले में 6 पॉजीटिव केस मिलने के बाद हर कोई खौफजदा है। तब्लीगी जमात के अलावा क्वारंटाइन कराए गए केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की नजर है। गुरुवार को क्वारंटाइन कराए गए जीना मेहमानखाना से 14 तब्लीगी जमात के सदस्यों का सैंपल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एकत्र किया। इसके अलावा संत एंथोनी में रखे गए परदेसियों में से चार का सैंपल लिया गया। सभी सैंपल जांच के लिए लखनऊ एसजीपीजीआई भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में जितने भी बाहरी लोग रुके हुए हैं, उनमे किसी तरह का कोई लक्षण नहीं मिल रहा है। शासन के आदेश पर तब्लीगी जमात से जुड़े सभी लोगों के साथ ही क्वारंटाइन कराए गए संदिग्ध लोगों लोगों का सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी। ताकि बीमारी का पता लगाकर लोगों को सभी से दूर रखा जा सके।