Salary will be stopped if less than a hundred people are vaccinated
कोरोना टीकाकरण मेें लापरवाही बरतना कर्मचारियों को महंगा पड़ेगा। टीकाकरण का लक्ष्य पूरा न करने पर बूथ पर तैनात स्वास्थ्य कर्मचारियों का वेतन रोक दिया जाएगा। हर केंद्र पर सौ लोगों का टीकाकरण अनिवार्य किया गया है।
कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण का अभियान जिले में तेजी से चल रहा है। पहला व दूसरा चरण पूरा होने के बाद टीकाकरण के लिए बूथों की संख्या बढ़ा दी गई है।
जिले में तीसरे चरण में बुजुर्गों के टीकाकरण के लिए कुल 73 बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर सप्ताह में तीन दिन टीकाकरण होना है। हर बूथ पर कम से कम सौ बुजुर्गों को टीका लगाने के साथ ही जिला व महिला अस्पताल में प्रतिदिन टीकाकरण के लिए शासन ने सीएमओ को निर्देश दिया है।
टीकाकरण के लिए अलग से नोडल अफसर बनाए गए हैं। शासन ने आदेश दिया है कि कोरोना टीकाकरण का प्रचार-प्रसार भी किया जाए। मार्च तक सभी बुजुर्गों का टीकाकरण कर दिया जाए। जिस बूथ पर शासन की ओर से तय लक्ष्य पूरा नहीं किया जाता है, वहां के अधीक्षक के साथ ही कर्मचारियों का वेतन रोक दिया जाए।
आशा बहुओं के भरोसे टीकाकरण अभियान
स्वास्थ्य विभाग आशा बहुओं के भरोसे टीकाकरण अभियान चला रहा है। सीएमओ ने आशा बहुओं को जिम्मेदारी दी है कि वे टीकाकरण से एक दिन पहले अपने-अपने क्षेत्र के 60 का पड़ाव पार कर चुके महिला और पुरुषों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें।
अप्रैल में बुजुर्गों को टीका नहीं लगाया जाएगा। उन्हें मार्च तक ही टीका लगाने के लिए शासन ने लक्ष्य दिया है। हर बूथ पर सौ लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य पूरा न करने वाले कर्मचारियों का वेतन रोक जाएगा।
डॉक्टर एके श्रीवास्तव, सीएमओ।