शहर की रामलीला में 12 साल की उम्र से ही राम का किरदार जेल रोड कादीपुर निवासी सचिन तिवारी निभा रहे हैं। राम वनगमन से भरत मिलाप तक सचिन ही राम का अभिनय करते हैं। झांकी के लिए रथ पर सवार होने से पहले वह ढाई घंटे तक साज-सज्जा करते हैं। भगवान श्रीराम की वेशभूषा संग चेहरे पर शांत भाव भंगिमा के साथ भक्तों को आशीर्वाद देते हैं।
25 साल के सचिन अभी एमडीपीजी कॉलेज से बीकॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। सचिन का सपना एमबीए कर मैनेजर बनना है। मां मंजू ने शहर में दुकानों व घरों में पानी की पहुंचाकर मुश्किल दौर में उनका लालन-पालन किया। सचिन बताते हैं कि बचपन में मां के साथ रामलीला देखने आते थे, तभी राम का किरदार निभाने की इच्छा जगी।
रामलीला समिति के सदस्य साईं बाबा ने उन्हें अभिनय के लिए प्रोत्साहित किया। नवरात्र के समय हर दिन सात से आठ घंटे उन्हें अभिनय के लिए देना पड़ता है। झांकी के दौरान भगवान राम जैसी भाव-भंगिमा व मृदुल स्वभाव बनाए रखना कलाकार के तौर चुनौतीपूर्ण होता है। हालांकि इस दौरान आत्मीय आनंद की भी अनुभूति होती है।