सदर ब्लॉक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक में ब्लाॅक प्रमुख शेषा देवी की अध्यक्षता में हुई जिसमें बीडीसी सदस्यों की ओर से दिए गए स्वच्छता संबंधी 76 लाख रुपये के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। ब्लाॅक प्रमुख ने कहा है कि विकास कार्य में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।
सदर ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक की शुरुआत ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रविप्रताप सिंह ने बीडीसी सदस्यों व ग्राम प्रधानों का स्वागत कर किया। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख शेषा देवी की ओर से अब तक कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी गई । बीडीओ निशा तिवारी ने विकास खंड सदर में संचालित सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, एनआरएलएम के तहत स्वयं सहायता समूह, बाबा साहेब आंबेडकर प्रोत्साहन योजना, मनरेगा, राज्य वित्त, केंद्रीय वित्त के विषय में जानकारी दी।
स्वच्छता सम्बंधी विभिन्न विकास कार्यों से सम्बंधित 76 लाख रुपये के प्रस्ताव बीडीसी सदस्यों की ओर से दिए गए जिसका सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। बैठक में सहायक विकास अधिकारी, अवर अभियंता लघु सिंचाई मत्स्येंद्र नाथ वर्मा, हरिश्चंद्र पांडेय, कौशलेंद्र शुक्ल आदि मौजूद रहे।