Robbed from delivery boy, accused arrested
प्रतापगढ़। ऑनलाइन दवा मंगाने के बाद पैसा मांगने पर डिलीवरी ब्वॉय से तमंचे के बल पर लूटपाट की गई। शिकायत पर आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। आरोपी पर पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं।
लालगंज कोतवाली के बछवल निवासी रोहित तिवारी पुत्र दीपक तिवारी ने ऑनलाइन 3590 रुपये की दवा मंगवाई थी। गुरुवार की शाम डिलीवरी ब्वॉय रायबरेली के पूरे असगर नसीराबाद निवासी अनुज मौर्य दवा की सप्लाई करने आया था। मोबाइल पर बात करने के बाद रोहित ने उसे बुलाया और दवा ले ली। आरोप है कि अनुज के दवा के पैसे मांगने पर रोहित ने तमंचा सटाकर उसके दो हजार रुपये लूट लिए। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद अनुज लालगंज कोतवाली पहुंचा और रोहित के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने लूट के आरोपी रोहित को गुरुवार की दोपहर रायपुर भगदरा के पास से धर दबोचा। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास व एससीएसटी के दो केस पहले से दर्ज हैं। कोतवाल ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।