राजापाल चौराहे से सदर बाजार जाने वाली रोड पर टीवी अस्पताल के समीप टूटी सड़क।
- फोटो : PRATAPGARH
गड्ढों में तब्दील सड़क, राहगीर झेल रहे झटके
जलभराव से आवागमन में दिक्कतें, अक्सर गिरते हैं लोग
शिकायतों के बाद भी लोनिवि, एनएच व नगर पालिका के कानों में नहीं रेंग रही जू
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। शहर से लेकर गांव की सड़कों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। हाईवे के साथ ही लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिसका झटका राहगीर झेल रहे हैं। जलभराव से लोगों के सामने दिक्कतें आती हैं और अक्सर लोग पानी भरे गड्ढों में गिरकर घायल हो जाते हैं। शिकायतों के बाद नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग और एनएच के अफसरों के की कुंभकर्णी नींद खुल रही है।
शासन ने भले ही सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान चलाया था लेकिन सरकार की मंशा पर संबंधित अधिकारियों ने ही पानी फेर दिया। सड़कों में हुए गड्ढे पाटे नहीं गए लेकिन उन सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया गया। शिकायतों के बाद शासन ने जांच कराई तो 101 सड़कों की दशा बद से बदतर मिली। बरसात में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए कवायद शुरू हुई लेकिन उस पर भी बारिश ने पानी फेर दिया। शहर का दायरा तीन किमी के करीब होगा। शहर से गुजरा प्रयागराज- अयोध्या राजमार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं। चौक घंटाघर के करीब हाईवे पर हुए गड्ढों से हादसे की प्रबल संभावना हमेशा बनी रहती है। बरसात का पानी सड़कों पर भरा रहता है। जिससे सड़कों में हुए गड्ढों का पता नहीं चल पाता। शहर के नाले व नालियां चोक होने के कारण पल्टन बाजार, टक्करगंज समेत अन्य मोहल्लों में जलभराव की समस्या से लोग जूझते नजर आए। कचहरी से लेकर भंगवा चुंगी जाने वाले मार्ग की हालत भी खस्ताहाल नजर आती है। अंबेडकर चौराहे से लेकर मीराभवन और मीराभवन से लेकर शहीद उद्यान होते हुए अंबेडकर नगर की सड़क पर चलना दुश्वार हो गया है। गायघाट रोड जाने वाली सड़क पर जलभराव की समस्या बिना बरसात के भी बनी रहती है। जेल रोड से लेकर खीरीबीर घाट और चौखड़ा से लेकर रखहा वाले मार्ग पर बने गड्ढे जानलेवा बन चुके हैं। पूर्वी सहोदरपुर से महुआर जाने वाले मार्ग की दशा बदत से बदतर नजर आती है। इस सड़क पर भी बरसात के दौरान गड्ढामुक्त कराया गया लेकिन मौजूदा समय में सड़क पर जानलेवा गड्ढे बन चुके हैं। राजापाल चौराहे से सदर बाजार जाने वाले मार्ग पर भी कई स्थानों पर जानलेवा गड्ढा बना हुआ है। नगर पालिका कार्यालय में भी बरसात का पानी भर जाता है। शहर के लोगों का कहना है कि टूटी सड़कें व चोक नालियों से जल निकासी की समस्या अहम हो गई है। इससे जीवन नारकीय बनता जा रहा है। तमाम शिकायतों के बाद भी नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग के साथ ही एनएच के अधिकारियों के कारों में जू नहीं रेंग रही। नगर पालिका के ईओ मुदित सिंह ने बताया कि जो भी शिकायतें मिलती है। उसका निराकरण कराया जाता है। बरसात में सड़कों पर बने गड्ढों में जेएसबी डाली जा रही है ताकि कोई दुर्घटना का शिकार न हो। बरसात रुकते ही सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।