बाजार में आर्थिक अनियमितता के कारण सोने और चांदी के दाम में तेजी देखने को मिल रही है। बीते सप्ताह की तुलना में बुधवार को 24 कैरेट सोना प्रति दस ग्राम तीन हजार रुपये महंगा हो गया है। जबकि चांदी के दाम में पांच हजार रुपये प्रति किग्रा की वृद्धि दर्ज की गई है। थोक सराफ कारोबारी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वस्तुओं के कर में बदलाव होने से दाम में तेजी आने की बात कह रहे हैं।
थोक सराफ कारोबारी प्रह्लाद खंडेलवाल ने बताया कि बीते सप्ताह में सोने का दाम 97 हजार रुपये प्रति दस ग्राम था। बुधवार को 24 कैरेट सोने का दाम एक लाख रुपये प्रति दस ग्राम पहुंच गया। चांदी का दाम बीते सप्ताह के सापेक्ष पांच हजार रुपये बढ़कर प्रति किग्रा 1.02 लाख तक पहुंच गया।
मई के पहले सप्ताह में भी सोना प्रति दस ग्राम एक लाख के पार गया था। जून में फिर से दाम में वृद्धि हुई है। आभूषण कारोबारी मनीष केसरवानी ने बताया आठ जून तक सहालग है। सोने के दाम में उछाल के चलते हल्के वजन के 18 व 22 कैरेट के आभूषण की बिक्री हो रही है। 22 कैरेट व 18 कैरेट के दाम कुछ कम होने से सहालग में बजट को देखते हुए हल्के गहनों की मांग ज्यादा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष मंजीत सिंह छाबड़ा ने बताया कि वैश्विक आर्थिक उतार-चढ़ाव के चलते सोने व चांदी के दामों में वृद्धि हुई है। डॉलर के मुकाबले रुपया कमजाेर होने से भी दाम पर असर पड़ा है। इस सप्ताह सोने व चांदी के दाम में कमी आने की संभावना कम लग रही है।