किशोरी को भगाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप में जेल में बंद युवक की एचआईवी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जांच में इसका खुलासा हुआ है। चिकित्सकों ने आरोपी बंदी की काउंसलिंग की है। अब किशोरी की भी जांच की जाएगी। अगर वह भी संक्रमित पाई जाती है तो उसकी शादी दूसरे घर में नहीं होगी।
कुंडा तहसील क्षेत्र का एक युवक बीते दो माह पहले शादी का झांसा देकर एक किशोरी को बहला फुसला कर भगा ले गया था। किशोरी के परिजनों ने युवक के खिलाफ बहला फुसलाकर भगा ले जाने व दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने 15 दिन पहले युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दो दिन पहले जेल में जांच के दौरान पता चला कि बंदी एचआईवी पॉजिटिव है।
चिकित्सकों की काउंसलिंग में बंदी ने बताया कि वह नशे के लत में फंस गया था। साथियों के साथ इंजेक्शन लगाया करता था। जिसके कारण एचआईवी संक्रमित हो गया। पीएनपी संस्था के प्रोग्राम मैनेजर विमला यादव ने बताया कि एचआईवी संक्रमित बंदी के बाद अब किशोरी की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट में यदि किशोरी एचआईवी संक्रमित मिलती है तो उसकी शादी किसी दूसरे के घर नहीं होगी।