महिला अस्पताल के पीछे 100 बेड के अस्पताल के सामने हुए अवैध कब्जे को हटाता पालिका का जेसीबी।
- फोटो : PRATAPGARH
मंडलायुक्त दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को बेल्हा आ रहे हैं। पिछली बार मंडलायुक्त का गुस्सा नगर पालिका पर फूटा था। ऐसे में कमिश्रर के गुस्से से बचने के लिए गुरुवार को अवारा मवेशियों की धरपकड़ होती रही। नए महिला अस्पताल वाले मार्ग से अतिक्रमण भी हटाया गया। दुकानदारों को भी अतिक्रमण हटाने के लिए प्रसार कराया जाता रहा।
मंडलायुक्त प्रयागराज डॉ. आशीष गोयल दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को जनपद आ रहे हैं। वह नए महिला अस्पताल व नगर कोतवाली का जायजा लेंगे। पिछली बार निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त के सामने अवारा मवेशी बड़ी संख्या में दिखे थे। जिसके बाद कमिश्रर ने नगर पालिका के जिम्मेदारों की क्लास लगाई थी। मंडलायुक्त के गुस्से से बचने के लिए गुरुवार सुबह से ही अवारा मवेशियों को पकड़ने के लिए नगर पालिका के कर्मचारी भागदौड़ करते रहे। करीब 65 मवेशी पकड़कर गांवों में बने गौशाला में भेजे गए।
महिला अस्पताल के नए भवन वाले मार्ग पर लोगों ने गुमटी रखकर दुकानें खोल ली थी। जिसे नगर पालिका और पुलिस ने मिलकर हटवाया। अवैध रूप से रखी गुमटियों को जेसीबी से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पूरे मार्ग से अतिक्रमण हटाया गया। जिससे दुकानदार अपना सामान समेटकर भागते नजर आए। नगर पालिका शहर में प्रसार कराती रही कि दुकानदार अपना अतिक्रमण हटा लें। अन्यथा उनका सामान जब्त कर लिया जाएगा। लोगों को जुर्माना भी देना होगा। शहर का अतिक्रमण रात में हटाने के लिए प्रशासन रणनीति बना रहा था ताकि मंडलायुक्त के गुस्से से बचा जा सके।