शहर में जलभराव की समस्या से राहत देने के लिए डेढ़ किमी लंबा नाला बनाया जाएगा। जो भंगवाचुंगी से ट्रेजरी चौराहे होते हुए डीआईओएस कार्यालय तक जाएगा। इसके लिए दो करोड़ का बजट मिला है। दिसंबर के अंत में कार्य शुरू हो जाएगा। इसका टेंडर भी जल्द ही निकाला जाएगा।
शहर में इस रूट पर बने तीन दशक पुराने नाले से ही 5000 हजार की आबादी के घरों का गंदा पानी बहता है। चौड़ाई कम होने की वजह से आए दिन नाला चोक हो जाता है। बारिश में पानी ओवर फ्लो हो जाता था। अब इसे नया आकार दिया जाएगा। कचहरी रोड पर भगवाचुंगी से ट्रेजरी चौराहे तक बनाए जाने वाले नाले की चौड़ाई एक मीटर की जाएगी ताकि गंदा पानी ओवर फ्लो न हो। यह नाला आगे डीआईओएस कार्यालय के नाले से जुड़ेगा।
पुराने बने नाले से ही होकर भगवा चुंगी, विवेक नगर, बलीपुर, राजापाल टंकी, कचहरी, ट्रेजरी चौराहे के आसपास के मोहल्लों के घरों का गंदा पानी निकलता है। नाले की सतह समान न होने की वजह से पानी का फ्लो सही नहीं बन पाता है। इससे हर समय पानी जमा रहता है। इससे मोहल्लों में भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। लोगों को इसी समस्या से राहत देने के लिए नाले का निर्माण कराया जाएगा।
खुले नालों को भी करेंगे कवर्ड
जिन स्थानों पर नाले खुले हैं, नगर पालिका की ओर से उन्हें भी कवर्ड करने की तैयारी है। दरअसल, इन नालों से आए दिन लोग हादसे का शिकार होते रहते हैं। इस पहल से हादसे पर ब्रेक लगेगा।
आंकड़े एक नजर में
- 27 बड़े नाले हैं शहर में।
- 75 छोटे नाले से भी होती जल निकासी।
- इस नाले के बनने से 5000 घरों को मिलेगी राहत।
वर्जन
नाले के लिए बजट स्वीकृत हो गया है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराकर जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इससे जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। - राकेश कुमार, ईओ नगरपालिका