विधानसभा चुनाव के लिए 27 फरवरी को मतदान होना है। मतदान सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार पाबंदी की कार्रवाई कर रही है। जनपद की दो फीसदी आबादी से चुनाव में अशांति की आशंका जताई जा रही है। ऐसे 75 हजार लोगों को पुलिस ने चिह्नित किया है। उन्हें पीला व लाल कार्ड थमाया गया है।
जिले की आबादी करीब 36 लाख है। सात विधानसभा क्षेत्रों में करीब 24 लाख मतदाता हैं। चुनाव के मद्देनजर पुलिस काफी दिनों से तैयारियों में जुटी हुई है। इसके तहत लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए जाने को लेकर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ऐसे लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है, जिनसे चुनाव में अशांति फैलने का खतरा है। पुलिस अफसरों के अनुसार, निरोधात्मक कार्रवाई पूरी होने के बाद समीक्षा के दौरान पाया गया कि ऐसे लोगों की संख्या 75 हजार से अधिक है।
इनमे गुंडा, गैंगस्टर, अभ्यस्त अपराधी, माफिया, हिस्ट्रीशीटर के अलावा शांतिभंग की आशंका में पाबंद किए गए लोग शामिल हैं। इन्हें लाल व पीला कार्ड जारी किया गया है। चिह्नित अपराधियों को लाल रंग का कार्ड जारी किया गया है। शांतिभंग की आशंका में पाबंद किए लोगों को पीला कार्ड भेजा जा रहा है।
कार्ड में लिखा है....
कार्ड में संबंधित व्यक्ति के लिए वैधानिक चेतावनी अंकित है। इसमे सबसे ऊपर संबंधित का नाम व पता लिखा है। इसके बाद यह अंकित है कि गोपनीय सूत्रों से पुलिस को जानकारी मिली है कि आपके द्वारा मतदाताओं को धमकाया जा सकता है।
या उन पर दबाव डालकर अथवा डलवाकर भयभीत करते हुए किसी विशेष प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए मजबूर किया जा सकता है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आप पर यह कार्रवाई की जा रही है। शांति व्यवस्था भंग करने पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कुंडा, रामपुर खास सबसे संवेदनशील
चुनावों के मद्देनजर की गई निरोधात्मक कार्रवाई के लिहाज से देखा जाए तो सबसे ज्यादा संवेदनशील कुंडा व रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र है। पट्टी का देवसरा और रानीगंज का शिवगढ़ विकासखंड भी संवेदनशील के दायरे में रखा गया है। सबसे कम संवेदनशील बूथ बाबागंज, विश्वनाथगंज व सदर में हैं। जिले में अब तक कुल 60135 लोगों को पाबंद किया गया है। इसके अलावा 2875 लोगों के खिलाफ 110 जी के तहत कार्रवाई की गई है। जिसमें सबसे ज्यादा महेशगंज में 394 लोग शामिल हैं। इसके अलावा 377 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई है। निरोधात्मक कार्रवाई के साथ ही पुलिस ऐसे लोगों की सतत निगरानी कर रही है।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। 60 हजार से अधिक लोगों को पाबंद किया गया है। इसके अलावा 15 हजार अभ्यस्त समेत अन्य अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। जिन्हें लाल व पीला कार्ड थमाया जाएगा। चुनाव सकुशल संपन्न कराने के क्रम में यह कार्रवाई की जा रही है। सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक