कौशांबी लोकसभा सीट पर इस बार फिर दिलचस्प मुकाबला होगा। कुंडा विधायक व पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला होगा। अभी तक राजाभैया की पार्टी जनसत्ता और भाजपा के बीच गठबंधन की भले ही बात चल रही हो, लेकिन भाजपा ने कौशांबी के मौजूदा सांसद विनोद सोनकर को प्रत्याशी घोषित कर फिलहाल तमाम अटकलों को विराम दे दिया। कौशांबी लोकसभा क्षेत्र में राजाभैया के प्रभुत्व वाले कुंडा व बाबागंज विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
राजाभैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का भाजपा से गठबंधन का शोर लोकसभा चुनाव के ऐलान से पहले ही चल रहा था। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद भी भाजपा व राजाभैया से बातचीत होती रही। हाल ही में राजाभैया ने कौशांबी से पूर्व सपा सांसद शैलेंद्र कुमार और प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इस ऐलान के बाद भी जनसत्ता दल के नेताओं को भरोसा था कि भाजपा से गठबंधन होगा और कौशांबी व प्रतापगढ़ सीट उन्हें समझौते में मिलेगी।
इन अटकलों के बीच मंगलवार को भाजपा नेतृत्व ने कौशांबी के मौजूदा सांसद विनोद सोनकर को फिर प्रत्याशी बना दिया। जबकि प्रतापगढ़ सीट पर अभी भाजपा की ओर से कोई फैसला नहीं लिया गया है। सूत्रों की मानें तो प्रतापगढ़ सीट पर समझौता हो सकता है। भाजपा के प्रत्याशी घोषित करते ही अब यह तय माना जा रहा है कि कौशांबी लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर और जनसत्ता दल के प्रत्याशी शैलेंद्र कुमार के बीच जंग होगी।
चूंकि राजाभैया का कुंडा व बाबागंज विधानसभा में खासा दखल है। वह कुंडा से लगातार विधायक चुने जाते रहे हैं। बाबागंज विधानसभा से भी उनके करीबी विनोद सरोज विधायक निर्वाचित होते चले आ रहे हैं। इन दोनों विधानसभाओं में अभी सपा, बसपा और कांग्रेस की दाल नहीं गली है। वर्ष 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में सपा प्रत्याशी रहे शैलेंद्र कुमार को कुंडा व बाबागंज में रिकार्ड मत मिले थे। इसके पीछे राजाभैया का समर्थन ही सबसे बड़ा कारण था।
लेकिन राजाभैया की कोशिश पर दोआबा ने फेरा पानी
पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया की तमाम कोशिशों पर दोआबा की जनता ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में पानी फेर दिया। कुंडा व बाबागंज विधानसभा क्षेत्र में कई दशक से राजा भैया का दबदबा कायम है। राजा भैया के रसूख के चलते दोनों विधानसभाओं से शैलेंद्र को 170659 मत मिले। लेकिन राजाभैया की तमाम कोशिशों पर कौशाम्बी की तीन विधानसभाओं से भाजपा प्रत्याशी को मिले रिकार्ड मतों ने पानी फेर दिया।
2009 लोकसभा चुनाव में प्रमुख दलों के प्रत्याशियों को मिले मत
दल प्रत्याशी कुंडा में मिले मत
सपा शैलेंद्र कुमार 59930
बसपा गिरीश पासी 22409
भाजपा गौतम चौधरी 3771
कांग्रेस रामनिहोर 9406
दल प्रत्याशी बाबागंज में मिला मत
सपा शैलेंद्र कुमार 45495
बसपा गिरीश पासी 23235
भाजपा गौतम चौधरी 4192
कांग्रेस राम निहोर 8689
2014 में प्रत्याशियों को कुुंडा में मिले मत
दल प्रत्याशी मिले मत
सपा शैलेंद्र कुमार 101541
भाजपा विनोद सोनकर 45828
बसपा सुरेश पासी 18145
कांग्रेस महेंद्र कुमार 5072
निर्दल मालती देवी 773
निर्दल राजेंद्र सोनकर 990
निर्दल श्रीपाल 544
आप स्वर्णलता सुमन 671
निर्दल बीना रानी 1113
निर्दल मोहनलाल 1394
दल प्रत्याशी बाबागंज में मिले मत
सपा शैलेंद्र कुमार 69118
भाजपा विनोद सोनकर 45401
बसपा सुरेश पासी 21400
कांग्रेस महेंद्र कुमार 6330
निर्दल मालती देवी 930
निर्दल राजेंद्र सोनकर 1084
निर्दल श्रीपाल 1088
आप स्वर्णलता सुमन 684
निर्दल बीना रानी 976
निर्दल मोहनलाल 1502