छापेमारी करने गई विद्युत विभाग की टीम का लोगों को विरोध का सामना करना पड़ा। मीटर चेकिंग व कनेक्शन की पूछताछ करने पर टीम के लोगों से मारपीट की गई। अभद्रता करते हुए उन्हेें बैरंग लौटा दिया गया। घटना की सूचना अधिकारियों ने पुलिस को दी। पुलिस की मौजूदगी में डोर-टू-डोर चेकिंग अभियान चला।
शहर मेें आधे दर्जन फीडरों पर बिजली चोरों का कब्जा है। जांच में इसकी जानकारी होने पर विभाग की टीम तैयार कर छापेमारी कर रही है। शहर के सहोदरपुर मुहल्ले के फीडर पर 70 प्रतिशत लाइन लॉस हो रहा है। गुरुवार को विद्युत विभाग की टीम ने सहोदरपुर फीडर से जुड़े मोहल्लों में डोर टू डोर छापेमारी शुरू की।
रूपापुर जेई ओपी गुप्ता के नेतृत्व मेें टीम मुहल्ले में पहुंची तो हड़कंप मच गया। मुहल्ले के एक घर में मीटर रीडिंग व कनेक्शन रसीद की पूछताछ के दौरान कुछ लोग बहस करने लगे। कर्मचारियों से अभद्रता व मारपीट की गई। उन्हें मुहल्ले से लौटा दिया गया। इसकी सूचना जेई ओपी गुप्ता ने पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में डोर-टू-डोर अभियान चला। इससे मुहल्ले मेें अफरातफरी का माहौल रहा। इस बारे में जेई ओपी गुप्ता ने बताया कि टीम के कर्मचारियों से अभद्रता की गई, मारपीट नहीं की गई है।