जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के पिता उदय प्रताप के एक ट्वीट से जनपद में हलचल तेज हो गई है। उनके ट्वीट को लेकर राजा भैया समर्थक भी खामोश हैं। हर कोई उनकी तल्ख टिप्पणी को लेकर हैरत में हैं। उदय प्रताप सिंह ने बृहस्पतिवार की सुबह तकरीबन सवा दस बजे अपने अधिकृत ट्विटर हैंडल पर लिखा कि रघुराज भदरी अपने आदर्श मुल्ला मुलायम से कम नहीं। उनके ट्वीट के बाद हर कोई इसका मायने तलाशने लगा। उनके ट्वीट पर शुभम सिंह राजपूत ने री ट्वीट करते हुए कहा, बड़े राजा अगर हस्तक्षेप करें तो चीजें सामान्य हो सकती हैं, समाज का कोई भी व्यक्ति ऐसा नहीं चाहता कि ऐसी स्थितियां बनें।
राजाभैया का पत्नी भानवी को लेकर मुकदमा कोर्ट में है लंबित
ऐसे में समर्थक से लेकर सियासी दलों के नेता ट्वीट का अपने-अपने तरीके से मायने निकाल रहे हैं। अपनी पत्नी भानवी से राजा भैया के अलगाव को लेकर मामला कोर्ट में लंबित है। वहीं राजा भैया की पत्नी भानवी की ओर से एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी और प्रतिनिधि हरिओम शंकर श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों के खिलाफ गत दिनों दिल्ली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद उनके बीच दूरियां बढ़ती ही जा रहीं हैं। फिलहाल उदय प्रताप के ट्वीट के बाद जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। जिस तरह बेटे रघुराज के लिए उदय प्रताप ने दिवंगत मुलायम सिंह को आदर्श बताया है, उसका लोग अपने-अपने तरीके से अलग-अलग मायके निकाल रहे हैं।
निकाय चुनाव में पहली बार जनसत्ता दल उतारेगा प्रत्याशी, घोषणा आज
निकाय चुनाव में पहली बार जनसत्ता दल लोकतांत्रिक अपना प्रत्याशी उतारेगी। इसके लिए बृहस्पतिवार को कुंडा, मानिकपुर, डेरवा तथा हीरागंज नगर पंचायत के दावेदारों संग बूथ प्रभारियों से राय ली गई। शुक्रवार को चारों नगर पंचायतों के प्रत्याशियों का नाम का एलान होगा।
कुंडा तथा बाबागंज की चारों नगर पंचायतों पर कब्जा करने के लिए राजा भैया की पार्टी पूरी ताकत लगाएगी। एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के मीडिया प्रभारी मुक्कू ओझा ने बताया कि उम्मीदवारों के नाम तय हो गए हैं। औपचारिक घोषणा होनी बाकी है।