प्रतापगढ़। आईजी जोन दलजीत सिंह चौधरी ने कहा कि थानों पर फरियादियों की बातों को विनम्रतापूर्वक सुना जाए। पीड़ितों को किसी भी हाल में फटकार कर भगाया न जाए। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
आईजी ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आमतौर पर जनता की बातों को थानों पर कम सुना जाता है। इसके चलते फरियादी अपनी समस्या लेकर अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर लगाते हैं। इस दौरान छोटे मामलों को लेकर बड़ी घटनाएं भी हो जाती हैं।
ऐसे में किसी भी सूरत में पीड़ितों के साथ बदसलूकी न करें। जनपद के अपराधों की जानकारी लेने के साथ ही सर्किल के सीओ से इलाके में होने वाली घटनाओं को जानकारी ली। लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी और शिकायती पत्रों की जांच पर संतोष जताया। हत्या, लूट की घटनाओं में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ चोरी की घटनाओं की रोकथाम के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी बलिकरन सिंह यादव, एएसपी पूर्वी बृजेश मिश्रा, सीओ सिटी एमपी सलोनिया, सीताराम, सुकरमपाल तोमर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक बलिकरन सिंह यादव ने शहर कोतवाली के एसएसआई सभाजीत मिश्र को लालगंज थाने की कमान सौंपी है। बुधवार देर रात वहां कोतवाल रहे आरएन उपाध्याय को एसपी ने पत्रकार अमरेश मिश्र की हादसे में हुई मौत के बाद बरती गई लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया था। सभाजीत मिश्र पट्टी कोतवाली के इंचार्ज थे। उन्होंने वहां पूर्व इंचार्ज रहे लल्लन यादव से नाराज चल रहे वकीलों समेत अन्य लोगों को अपने कार्यों से संतुष्ट किया था। मगर आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में हुई सपा नेता के भतीजे की हत्या के मामले में सभाजीत निलंबित कर दिए गए थे।