मुख्यमंत्री की सांसद पत्नी डिंपल यादव ने मंगलवार को पट्टी और रानीगंज की जनसभाओं में प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा प्रहार किया। पीएम के मन की बात पर तंज कसते हुए कहा कि वे मन की बात ही करते रहे और सपा सरकार काम करती रही। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन नहीं बल्कि यह एक इंजेक्शन है। जिससे विरोधी बेहोश हो जा रहे हैं। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उज्जवला गैस कनेक्शन जरुर वितरण हो रहा है, मगर गरीबों के घर तक नहीं पहुंच रहा है।
रानीगंज विधानसभा के फतनपुर सेनापुर और पट्टी के औराइन गांव में आयोजित जनसभा में डिंपल ने जनता से नोटबंदी पर सवाल किया कि कितना कालाधन वापस आया है। कितने गरीबों के घर उज्ज्वला गैस कनेक्शन पहुंचा है। जिस प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं क्या वहां लूट छिनैती और हत्या नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे वादे कर रही है। किसानों की आंखों में धूल झोंककर उन्हें लोक लुभावने डोरे डाल रही है। उन्होंने कहा कि यूपी में कुशासन का आरोप लगाने वाले अपने गिरेबान में झांकें। सपा सरकार ने 55 लाख महिलाओं को समाजवादी पेंशन दी। युवाओं को लैपटॉप दिया गया है और अब सरकार बनी तो हर गरीब परिवार को स्मार्ट फोन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार बनी तो रानीगंज में मेडिकल कॉलेज की स्थापना कराई जाएगी। किसान बीमा धनराशि पांच लाख से बढ़ाकर अब साढ़े सात लाख रुपये, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली दी जाएगी। बसपा मुुखिया मायावती पर हमला करते हुए कहा कि वह भाजपा से मिली हुई हैं।
पट्टी के औराइन में सभा को संबोधित करते हुए सपा की प्रवक्ता जूही ने कहा कि यूपी को बदनाम किया जा रहा है। सभी प्रदेशो में लूट छिनैती और हत्या की घटनाएं हो रही हैं। इस बार जबसे सपा की सरकार बनी है तब से अपराध पर लगाम लग गई है। महाराष्ट के प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि देश को लूटने वाली सरकार है। चाय बेचने वाले का दिमाग खराब हो गया है। बसपा मुसलमानों को टिकट देकर उन्हें बांटना चाहती है। डिंपल ने प्रत्याशी रानीगंज प्रत्याशी शिवाकांत ओझा और पट्टी से रामसिंह को जिताने की अपील की। रानीगंज की जनसभा में शिवाकांत ओझा, पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण, श्यामशंकर द्विवेदी, अमर पाल यादव, श्यामू ओझा उपस्थित रहे। पट्टी की जनसभा में सपा प्रत्याशी रामसिंह पटेल, पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, पूर्व सांसद रत्ना सिंह, मदन सिंह, विजय यादव, सुरेश यादव कुलदीप पटेल, मुन्ना पटेल, प्रमोद पटेल पप्पू यादव व अपना दल से नाता तोड सपा ज्वाइन करने वाले विजय पाल भी रहे।