जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रत्याशी अक्षय प्रताप सिंह के समर्थन में सोमवार को केपी कालेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्वमंत्री व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया ने कहा कि जनसत्ता जनता की पार्टी है। सत्ता पर जनता का राज स्थापित करने के लिए ही पार्टी का गठन हुआ है।
इसलिए समाज के सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि पार्टी को मजबूत करने के लिए आगे आएं। लोगों से राय लेने के बाद पार्टी का गठन किया गया। समाज के हर वर्गों की मदद के लिए उनकी पार्टी के लोग हमेशा तैयार रहेंगे। कौशांबी व प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ रही है।
इस मौके पर बाबागंज विधायक विनोद सरोज, पूर्व विधायक हाजी मुन्ना, डा. केएन ओझा, अनिल कुमार सिंह लाल साहब, विनय सिंह, मुक्कू ओझा, पूर्व सांसद अतीक अहमद के भांजे हमजा, जिला पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर यादव आदि मौजूद रहे।
नामांकन में लग्जरी वाहनों का रेला
प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने पहुंचे प्रत्याशियों ने दमखम दिखाया। लग्जरी वाहनों से उनके समर्थक पहुंचे। नामांकन में प्रत्याशियों के जुलूस व जनसभाओं में वाहनों की लंबी लाइन देखने को मिली, जिससे शहर में जाम लगा रहा।
सोमवार को प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस, भाजपा, जनसत्ता दल और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों ने दमखम से नामांकन दाखिल किया। नामांकन के अलावा प्रत्याशियों ने जनसभाओं का आयोजन किया था।
वहीं नामांकन करने के लिए कलेक्ट्रेट आने वाले पुलिसकर्मियों के जुलूस में शामिल वाहनों को रोकने के लिए शहर के हर मार्गों पर बैरियर बनाया गया था। बैरियर नाम का ही बना था। वहां तैनात पुलिसकर्मी नदारद थे। ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी इधर-उधर घूमते नजर आए।