लालगंज कस्बे से होकर निकलने वाले लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की जेसीबी गरजी। भारी मात्रा में पुलिस बल लेकर कई जगह अतिक्रमण हटवाया गया। अतिक्रमण अभियान देखने को तमाशबीनों का मजमा लग गया। बाद में व्यापारियों की मांग पर अतिक्रमण हटाने की दस दिन की मोहलत मिल गई। पहली मई से अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी।
लालगंज कस्बे के बीचों बीच होकर लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग गया है। जिस पर दुकानदाराें ने अतिक्रमण कर रखा है। नाले तक अतिक्रमण से आए दिन जाम की समस्या खड़ी हो गई है। कइयाें ने तो पक्का निर्माण कर अतिक्र मण कर रखा है। हाईवे से अतिक्रमण हटवाने के लिए एनएच के अधिकारियों व एसडीएम के बीच बैठक के बाद अतिक्रमण के हटाने का निर्णय लिया गया। गुरुवार को सुबह दस बजे एसडीएम वाईबी सिंह व सीओ बीआर प्रेमी पांच थानों की पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले लालगंज थाने के सामने अतिक्रमण हटवाया गया। इसके बाद तहसील रोड पर कई दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण प्रशासन ने हटवाया। इस दौरान अफरातफरी के बीच दुकानदार स्वयं अतिक्रमण हटाने लगे।
प्रशासन की जेसीबी अतिक्रमण के खिलाफ गरजने लगी तो व्यापारियों का हुजूम एसडीएम वाईबी सिंह के पास पहुंचा और कुछ दिनों की मोहलत मांगने लगे। एसडीएम ने दो टूक कह दिया कि हाईवे पर किसी भी दशा में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाद में व्यापारियों ने खुद ही राजमार्ग पर से अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया तो एसडीएम ने दस दिन की मोहलत दे दी। एसडीएम वाईबी सिंह ने एनएच के अधिकारियों को सीमांकन करने का निर्देश दिया है। एनएच कर्मी सीमांकन के बाद दुकानदारों का नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने का तीस अप्रैल तक का समय देंगे। निर्धारित समय के बाद अतिक्र मण जबरन हटवाया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।