अंतू थाना क्षेत्र के जूड़ापुर किशुनगंज में बृहस्पतिवार की सुबह गम और गुस्से के बीच अनुज पांडेय की अर्थी उठी। मां, पत्नी व बच्चों को बिलखता देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिजनों संग ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश रहा। वहीं गोली लगने से घायल छोटे भाई का उपचार चल रहा है।
अंतू के जूड़ापुर किशुनगंज निवासी अनुज पांडेय अपने छोटे भाई अतुल पांडेय के साथ बरेली जनपद में रोडवेज बस अड्डे पर सामान पार्सल का ठेका ले रखे थे। पार्सल ठेके के विवाद में मंगलवार की देर शाम कुली ने अनुज व अतुल को गोली मार दी। गोली लगने से अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल अतुल का उपचार चल रहा है।
बुधवार को देर रात परिजन अनुज का शव लेकर घर पहुंचे। जिसे देखते ही परिजन रोने बिलखने लगे। मृतक के चाचा सुनील पांडेय का कहना था कि यदि पुलिस समय पर कार्रवाई की होती तो घटना न होती। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग के लिए कुछ दिनों बाद वे लोग पुलिस अफसरों से मुलाकात करेंगे।
बृहस्पतिवार की सुबह गम व गुस्से के बीच परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए श्रृंगवेरपुर रवाना हो गए। मृतक की पत्नी अंतिमा, मां संतोषा देवी, बेटी पीहू व बेटा शिवेंद्र को रोता देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई। रिश्तेदार सभी को संभालते रहे।