फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतापगढ़: 80 हजार किसानों के खाते में पहुंचे दो-दो हजार

Mon, 25 Feb 2019 12:28 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रतापगढ़
विज्ञापन
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना - फोटो : प्रतापगढ़
विज्ञापन
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र जिले के 80,000 किसानों के खाते में रविवार को पहली किश्त के दो-दो हजार रुपये आ गए हैं। हालांकि जिले के 2.45 लाख किसानों का डाटा फीड किया गया है, मगर उन्हीं किसानों के खाते में रुपये भेजे गए हैं जिनके डाटा की फीडिंग 20 फरवरी से पहले हुई थी। रविवार को शहर के हादीहाल में जिले के 100 किसानों को प्रमाणपत्र वितरित किया गया। 
विज्ञापन


रविवार को गोरखपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीएम किसान सम्मान निधि योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का शहर के हादीहाल में सजीव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री के किसानों के खाते में रुपये भेजने के लिए बटन दबाते ही जिले के 100 किसानों को प्रमाणपत्र वितरित किया गया। अफसरों का दावा है कि जिले के 80,000 किसानों के खाते में दो-दो हजार रुपये की पहली किश्त आ गई है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह ने कहा कि यह पहली सरकार है, जिसने किसानों का कर्जा माफ किया और आर्थिक मदद के रूप में छह-छह हजार रुपये बांटने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि किसानों की हितैषी सिर्फ भाजपा है। सांसद हरिबंश सिंह ने कहा कि बेल्हा में अपेक्षा से अधिक विकास कार्य हुए हैं।
विज्ञापन


ओवरब्रिज, बाईपास के साथ ही जिले में मेडिकल कालेज की स्थापना कराने का प्रयास किया हूं। उन्होंने किसानों की आर्थिक मदद के पीछे उनकी आय दोगुनी करने का उद्देश्य बताया। इसके पूर्व डीएम मार्कण्डेय शाही ने योजना की जानकारी दी। इस मौके पर रानीगंज विधायक धीरज ओझा, सदर विधायक संगमलाल गुप्ता, सीडीओ धीरेंद्र प्रताप सिंह, विनोद पांडेय, डॉ. अश्विनी सिंह, रामचंद्र आदि मौजूद रहे। 

मोबाइल पर मैसेज आते ही किसानों के खिले चेहरे 
किसानों के मोबाइल पर दो-दो हजार रुपये पहुंचने का मैसेज आते ही वह खुशी से झूम उठे। लक्ष्मणपुर विकास खंड के पूरेनेवाजी निवासी राधेश्याम शुक्ल, रामशंकर शुक्ल, अजगरा के जोगापुर निवासी दयाशंकर तिवारी, राजाराम यादव और लक्ष्मणपुर के धानेपुर निवासी पवन तिवारी के मोबाइल पर पीएम किसान सम्मान निधि की धनराशि का मैसेज आने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। 

मोबाइल पर मैसेज देखने की मची होड़
रविवार को दोपहर बाद मोबाइल पर आने वाले मैसेज से किसान चौकन्ने हो गए। मोबाइल में नेटवर्क नहीं होने पर किसान खेत और बाग में लेकर मोबाइल टहलते रहे और मैसेज आने का इंतजार करते रहे। हालांकि अधिकांश किसानों के मोबाइल पर तीन बजे के बाद मैसेज आना शुरु हुआ और देर शाम तक जारी रहा। 

घबराएं नहीं, वंचित किसानों को भी मिलेगी रकम 
जिन किसानों के मोबाइल पर मैसेज नहीं आया है, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। जल्द ही बचे हुए किसानों के खाते में धनराशि पहुंचेगी। दरअसल, जिन किसानों का डाटा 20 फरवरी तक फीड हो गया था। उनके खाते में धनराशि भेज दी गई है और जिनका बाद में हुआ है उनके  खाते में देर से रकम आएगी। हालांकि मार्च माह के पहले सप्ताह में सभी पात्रों के खाते में धनराशि पहुंचने का दावा अफसर कर रहे हैं। 

ब्लाकों में भी 50-50 लाभार्थियों को बाटे गए प्रमाणपत्र
जिले के 17 ब्लाकों में भी रविवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 50-50 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र बांटा गया। हालांकि इसमें ऐसे भी किसान हैं, जिनके खाते में धनराशि नहीं आई और प्रमाणपत्र वितरित कर दिया गया है। प्रमाणपत्र में छह हजार रुपये लिखा गया है, जबकि मिले मात्र दो-दो हजार रुपये हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें