दिनदहाड़े खाद गोदाम में फायरिंग करते हुए संचालक को लूटकर फरार होने वाले गुलजार गैंग के दो बदमाशों को स्वॉट टीम के साथ जेठवारा पुलिस ने कल्याणपुर पुल के पास गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूट के 14000 रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक और एक तमंचा पुलिस ने बरामद किया है। आठ सदस्यों का नाम प्रकाश में आया है। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
जेठवारा पुलिस ने बुधवार दोपहर कटरागुलाब सिंह में चेकिंग लगा रखी थी। मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि कल्याणपुर पुल के पास दो बदमाश अपने साथियों के आने का इंतजार कर रहे हैं। किसी बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान मानधाता थाना के उसरा निवासी इंतेजार पुत्र अयूब अली और नगर कोतवाली के नरवा सिटी निवासी आमिर पुत्र शमशाद के रूप में हुई। इनके पास से खाद गोदाम से लूट के 14000 रुपये, घटना में प्रयुक्त बाइक, एक तमंचा, तीन कारतूस वे दो मोबाइल बरामद हुए। शातिर इंतेजार ने बताया कि गुलजार गैंग का मुखिया गुलजार पुत्र मुस्तकीम है। इसके कहने पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। गैंग में दस से 12 की संख्या में सदस्य हैं।
कोर्ट में हाजिर होने के लिए गुलजार ने की थी लूट
गुलजार को किसी मुकदमे में कोर्ट में हाजिर होना है। इसके लिए उसे रुपयों की जरूरत थी। इस पर उसने साथियों के साथ मिलकर खाद गोदाम में लूट की घटना को अंजाम दिया था।
गुलजार गैंग के ये भी है सदस्य
पकड़े गए आरोपियों ने गुलजार गैंग का भंडाफोड़ कर दिया। सभी सदस्यों के नाम पुलिस को बता दिए। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में मानधाता के शेखपुर निवासी गुलजार पुत्र मुस्तकीम, हरिहरपुर निवासी शाहिल उर्फ चिंगारी पुत्र हलीम, मजहर पुत्र असलम, मानधाता थाना के बहरापुर निवासी शहरेयार पुत्र इबरार, जेठवारा के बरईपुर निवासी इमरान पुत्र लल्लन, शादाब पुत्र शकील, मानधाता थाना के रामपुर बंतरी निवासी अरमान पुत्र स्व. सिराज व शबरे आलम उर्फ सद्दे उर्फ सब्बे का नाम प्रकाश में आया है। पुलिस ने आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है।