कुएं से ईंट निकालने के दौरान मिट्टी में धंसने से दबे युवक का शव दस घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला जा सका। इस दौरान रातभर ग्रामीणों के साथ पुलिस के अधिकारी मौके पर जुटे रहे। शव निकालने के बाद पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कंधई थाना क्षेत्र के गांगपाटी में अपने खेत में बने कुएं से ईंट निकालने के दौरान अचानक मिट्टी गिरने से जीतलाल पटेल का बेटा आशीष पटेल (20) दब गया था। इससे उसकी मौत हो गई थी।
साथ में ईंट निकाल रहे उसका भाई अरविंद तथा पड़ोसी नागेंद्र किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब हो गए थे। घटना के बाद ग्रामीणों के साथ सीओ पट्टी रमेशचंद्र तथा एसओ कंधई विनीत कुमार भारी फोर्स सहित रातभर घटनास्थल पर मौजूद रहे।
मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने कुएं से शव निकालने में जब हाथ खड़े कर दिए तो स्थानीय लोगों ने जेसीबी से खेत से मिट्टी काटकर करीब 15 फीट नीचे रास्ता बनाया।
इसके बाद ग्रामीणों ने अपने संसाधनों से खेत से मिट्टी निकालकर रात दो बजे युवक का शव बरामद किया। शव निकाले जाने की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया ।
आशीष के कंधे पर थी परिवार की जिम्मेदारी
रखहा। कुएं से ईंट निकालने के दौरान मिट्टी में धंसने से अपनी जान गंवाने वाले आशीष ने पूरे घर की जिम्मेदारी संभाल रखी थी। वह अपने भाइयों में सबसे बड़ा था। आशीष की बड़ी बहन कल्पना की शादी हो गई है। पिता जीतलाल पटेल मुंबई में रहकर ऑटो रिक्शा चलाते हैं। गांव में परिवार की जिम्मेदारी आशीष पर ही थी।