यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में तुलसी इंटरमीडिएट कालेज जमेठी कुंडा की छात्रा मुस्कान मोदनवाल ने 557 अंक और इंटरमीडिएट में सांगीपुर के चंद्रशेखर मिश्र इंटरमीडिएट कालेज लखनपुरसूर के छात्र सिद्धांत मिश्र ने 452 अंक हासिल कर जिले में टॉप किया है। हाईस्कूल की परीक्षा में जिले के 72 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 61.8 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं। हाईस्कूल के परिणाम में बेल्हा ने प्रदेश में 69वां और मंडल में चौथा जबकि इंटरमीडिएट में प्रदेश में 65वां और मंडल में तीसरा स्थान हासिल किया है।
शनिवार दोपहर में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा का रिजल्ट आते ही परीक्षार्थी चहक उठे। परीक्षा केंद्रों पर सख्ती के बावजूद हाईस्कूल में 72 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 61.8 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे हैं। हाईस्कूल की परीक्षा में शामिल होने के लिए 71,533 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें से 61,236 परीक्षार्थी शामिल हुए। 44089 परीक्षार्थी परीक्षा में सफल रहे, जबकि 17,149 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे हैं।
जिले को मंडल में चौथा और प्रदेश में 69वां स्थान मिला है। हाईस्कूल की परीक्षा में तुलसी इंटरकालेज जमेठी की मुस्कान मोदनवाल 92.83 प्रतिशत अंक पाकर जिले की टॉपर बनीं, जबकि कुंडा के कृपालु बालिका इंटर कालेज की छात्रा दिया पांडेय 92.67 प्रतिशत अंक पाकर दूसरे और शहर के माडर्न साइंस इंटर कालेज की छात्रा प्रियांशी त्रिपाठी 92.0 प्रतिशत अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहीं।
इंटरमीडिएट की परीक्षा में 59,984 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया, मगर परीक्षा में 52,405 परीक्षार्थी शामिल हुए। जिसमें 32,386 उत्तीर्ण हुए हैं और 20,019 अनुत्तीर्ण हुए हैं। मंडल में जिले को तीसरा स्थान और प्रदेश में 65वां स्थान मिला है। सांगीपुर स्थित चंद्रशेखर मिश्र इंटर कालेज लखनपुर के छात्र सिद्धांत मिश्र ने 90.40 प्रतिशत अंकों के साथ जिले का टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है, जबकि इसी कालेज के सिद्धार्थ मिश्र 83.0 प्रतिशत अंक पाकर दूसरे और एसवीएम इंटर कालेज लालगंज के आशीष यादव 82.60 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे हैं।
हाईस्कूल का परिणाम एक नजर में
आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों की संख्या - 71,533
परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों की संख्या- 61,236
परीक्षा में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संखॅया - 44089
उत्तीर्ण होने का प्रतिशत- 72.0 प्रतिशत
अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या- 17,149
इंटरमीडिएट परीक्षा एक नजर में
आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों की संख्या- 59,984
परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों की संख्या- 52,405
उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या - 32,386
उत्तीर्ण होने का प्रतिशत- 61.8 प्रतिशत
अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या- 20,019