शनिवार को कुंडा विधानसभा सीट के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री राजाभैया, बाबागंज से विनोद सरोज व एमएलसी के लिए पूर्व सांसद अक्षय प्रातप सिंह जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी से नामांकन करेंगे। इससे पहले कुंडा से राजाभैया व बाबागंज से विनोद सरोज निर्दल चुनाव लड़ते रहे हैं। जबकि अक्षय प्रताप सिंह सपा के प्रत्याशी रहे हैं।
एमएलसी चुनाव : पहले दिन किसी ने नहीं किया नामांकन
विधान परिषद सदस्य के लिए शुक्रवार से नामांकन शुरू हो गया। पहले दिन जनसत्ता दल लोकतांत्रिक से अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी, रामदयाल वर्मा, रामलखन चतुर्वेदी और अमरावती चतुर्वेदी ने नामांकन पत्र लिया। 11 फरवरी तक होने वाले नामांकन में एक प्रत्याशी को दस प्रस्तावकों के साथ आवेदन करना होगा।
विकास भवन में शुक्रवार से एमएलसी पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। हालांकि पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। निवर्तमान एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपालजी, रामदयाल वर्मा, रामलखन चतुर्वेदी और उनकी पत्नी अमरावती चतुर्वेदी ने नामांकन पत्र खरीदा है। 11 फरवरी तक होने वाले नामांकन में राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों को भी दस-दस प्रस्तावक देने होंगे। जबकि विधानसभा चुनाव में राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों को सिर्फ दो प्रस्तावकों की आवश्यकता पड़ती है।
एमएलसी चुनाव के नामांकन के लिए जिला प्रशासन को अधिक सुरक्षा के उपाय नहीं करने पड़े। दरअसल, विकास भवन के ठीक सामने अफीम कोठी में विधानसभा सामान्य निर्वाचन का नामांकन हो रहा है। इससे बैरियर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती पहले से ही थी। विकास भवन में पीडी कक्ष में हो रहे नामांकन में एडीएम सुनील कुमार शुक्ला पूरे समय मौजूद रहे।