अंतू थाने के पूरे केशवराय में अपराधियों पर अंकुश लगाने को पैदल मार्च करते एसपी अभिषेक सिंह फोर्स
- फोटो : PRATAPGARH
जेल से छूटे बदमाशों की तलाश में भुलियापुर व पूरे केशवराय में फोर्स संग पहुंचे एसपी
शातिर अपराधियों के घर पर पहुंचकर की पूछताछ, मचा रहा हड़कंप
प्रतापगढ़। आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के बाद सुरक्षित ठिकाने पर पनाह लेने वाले शातिर बदमाशों की तलाश में शनिवार को भारी फोर्स लेकर पुलिस अधीक्षक भुलियापुर व पूरे केशवराय जा धमके। सई नदी में मछली पकड़ने वाले सात युवकों को पुलिस कोतवाली उठा ले गई। शातिर बदमाशों के घर पहुंचकर पुलिस पूछताछ करती रही। जिससे इलाके में हड़कंप मचा रहा।
सई नदी के किनारे बसे भुलियापुर और पूरे केशवराय कभी अपराधियों के लिए सुरक्षित ठौर माना जाता रहा है। हालांकि मौजूदा समय में पुलिस ने अपराधियों की कमर तोड़ दी है। जेल से छूटे शातिर बदमाशों द्वारा आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की भनक लगने के बाद से ही पुलिस उन पर शिकंजा कसने के लिए प्रयास कर रही है। शनिवार को संदिग्ध बदमाशों के भुलियापुर और पूरे केशवराय में आने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद, एएसपी पश्चिमी दिनेश द्विवेदी, सीओ सिटी अतुल शर्मा और कोतवाली पुलिस के साथ भुलियापुर व पूरे केशवराय में दबिश दी। जिससे हड़कंप मच गया। भुलियापुर सई नदी के किनारे मछली पकड़ रहे सात युवकों को पुलिस कोतवाली उठा लाई। उनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी ने संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इसके अलावा शातिर बदमाशों के घरों पर पहुंचकर छानबीन की। भारी फोर्स देख गांव में सनसनी मची रही। हर कोई बड़ी वारदात के बाद पुलिस छापेमारी की चर्चा करता रहा।