कर्मचारियों के हड़ताल के कारण सिंचाई विभाग कार्यालय में पसरा सन्नाटा।
- फोटो : PRATAPGARH
सिंचाई विभाग के कार्यालय में घुसकर एसडीओ मुन्नालाल से मारपीट करने वाले ठेकेदार और उसके बेटे की गिरफ्तारी न होने से अधिकारियों और कर्मचारियों में आक्रोश है। सोमवार को कर्मचारियों और अधिकारियों ने धरना-प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
कर्मचारी नेताओं ने पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो तालाबंदी और कार्य बहिष्कार करेंगे। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले सिंचाई विभाग में हुए धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलामंत्री वकील अहमद ने कहा कि कार्यालय में घुसकर अफसर की पिटाई करने वाले ठेकेदार को पुलिस संरक्षण दे रही है।
उन्होंने कहा कि अभी तक सांकेतिक धरना-प्रदर्शन हो रहा है। अगर, तीन दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो तालाबंदी के साथ कार्य बहिष्कार किया जाएगा। कर्मचारी नेता रामप्रकाश दुबे ने ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में अफसरों और कर्मचारियों ने चेताया कि अगर न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
इस मौके पर शिवपूजन, वीरेंद्र शर्मा, तीर्थराज गौतम, सुषमा कुरील, आशा सिंह, अमर बहादुर यादव, सुरजीत बहादुर, अमित पांडेय, शमीम, अकरम, संतोष वर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।