फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मड़ाई के दौरान थ्रेसर से कटे हाथ, गई जान

Mon, 20 Apr 2015 11:47 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
बारिश और हवा से बर्बाद गेहूं की फसल को इकट्ठा कर एक महिला किसान ने मड़ाई की हिम्मत तो जुटा ली, लेकिन सोमवार को थ्रेसरिंग के दौरान पतले दाने देखकर वह सुधबुध खो बैठी। परेशान महिला इस कदर बेसुध हुई कि गेहूं की मड़ाई के दौरान उसके दोनों हाथ थ्रेसर के अंदर चले गए। झटका लगने से उसके दोनों हाथ कंधे से उखड़ गए। तेज झटके के साथ वह थ्रेसर पर गिरी तो सिर फट गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक मिनट के भीतर हुई इस दर्दनाक घटना से वहां मौजूद लोग हक्के-बक्के रह गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  उधर, फसल बर्बादी के सदमे में जिले में छह और किसानों ने दम तोड़ दिया।
विज्ञापन


बाघराय थाना क्षेत्र के नेवाजी का पुरवा गांव निवासी बुधई सोमवार को गेहूं की मड़ाई करा रहा था। बताते हैं कि बारिश के कारण उसकी काफी फसल खराब हो गई थी। गेहूं के दाने काले पड़ गए थे। मड़ाई के समय यह देखकर उसकी पत्नी सीता देवी (47) को ऐसा सदमा लगा कि वह अपने होश गवां बैठी। गेहूं के साथ उसके दोनों हाथ भी थ्रेसर के अंदर चले गए। एक ही झटके में उसके दोनों हाथ उखड़ गए। वह थ्रेसर से टकराती हुई दूर जा गिरी।  मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा देखकर वहां मौजूद हर किसी का कलेजा कांप उठा। घर के लोग रोने बिलखने लगे। सूचना पर बाघराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव के लोगों ने इसकी सूचना लेखपाल को दी है।

उधर, कुंडा विकास खंड के अघिया गांव निवासी कड़ेदीन  (55) ने रविवार की शाम मड़ाई कराई थी। गेहूं के पतले दाने देखकर वह परेशान हो गया। थोड़ी ही देर में उसके सीने में दर्द शुरू हो गया। उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। कालाकांकर विकास खंड के रेवली गांव निवासी केदारनाथ (50) ने 10 बिस्वा स्वयं व ढाई बीघे दूसरे का खेत बंटाई पर लेकर खेती की थी। खराब फसल के सदमे में सोमवार की दोपहर उसकी भी मौत हो गई। इसी विकास खंड के ककरिया गांव निवासी मथुरा पटेल (60) ने भी फसल बर्बाद देखकर दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें